Tamilnadu election: DMK-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर सहमति, 28 सीटों का फॉर्मूला तय
तमिलनाडु में DMK और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग लगभग फाइनल। कांग्रेस 28 सीटों पर लड़ेगी, एक राज्यसभा सीट का भी ऑफर। आधिकारिक ऐलान का इंतजार, गठबंधन बरकरार रखने पर सहमति।

Tamilnadu election: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के बीच सीट शेयरिंग पर लगभग सहमति बन गई है। सूत्रों के अनुसार, DMK ने कांग्रेस को 28 विधानसभा सीटों के साथ एक राज्यसभा सीट देने का प्रस्ताव दिया है। सीनियर कांग्रेस नेता P. Chidambaram की M. K. Stalin के साथ हुई बैठक के बाद बातचीत आगे बढ़ी और फार्मूला तय हो गया। हालांकि, आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
पिछले चुनाव का प्रदर्शन
साल 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने तमिलनाडु की 234 सीटों में से 25 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 18 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस बार कांग्रेस की मांग 30 से 39 सीटों और दो राज्यसभा सीटों की थी। लेकिन लंबी बातचीत के बाद दोनों दल 28 सीटों के फॉर्मूले पर सहमत होते दिख रहे हैं। कांग्रेस आलाकमान भी DMK के साथ गठबंधन बनाए रखने के पक्ष में है।
किसके हिस्से कितनी सीट?
तमिलनाडु में कुल 234 विधानसभा सीटें हैं। मौजूदा समझौते के मुताबिक कांग्रेस 28 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी 206 सीटों पर DMK और उसके सहयोगी दल मैदान में उतरेंगे। अभिनेता Kamal Haasan की पार्टी Makkal Needhi Maiam (MNM) को कितनी सीटें मिलेंगी, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
स्टालिन के साथ एक घंटे की बैठक
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को करीब एक घंटे चली बैठक में स्टालिन और कांग्रेस नेताओं के बीच सीट बंटवारे समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। शुरुआत में DMK की ओर से सिर्फ एक राज्यसभा सीट की पेशकश की गई थी, जबकि विधानसभा सीटों की संख्या को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद बना हुआ था। कांग्रेस 39 सीटों पर अड़ी हुई थी, लेकिन अंततः समझौते का रास्ता निकल आया। अब सभी की नजरें आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं, जो जल्द हो सकता है।



