मिर्जापुर से सपा जिला महासचिव अभय यादव का आरोप 12:00 बजे पुलिस परेशान करने पहुंची घर, वीडियो हुआ वायरल

 

कानपुर मुठभेड़ मामले में सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट डालने वाले मीरजापुर में सपा नेता को पुलिस ने शुक्रवार की आधी रात को घर से उठा लिया था। वहीं शनिवार सुबह शांतिभंग में चालान करने के बाद उन्हें छोड़ा गया। जिसके बाद इस घटना से तिलमिलाए सपाईयों ने जमकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। वहीं अब एक बार फिर सपा नेता के घर आधी रात को पुलिस पहुंच गई। जहां समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अभय यादव पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं कि रात 12:00 बजे पुलिस उनके घर परेशान करने पहुंची है। वह कह रहे हैं कि उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अभय यादव ने शुक्रवार को एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ खड़े बुंदेलखंड के नेता विकास को कानपुर मुठभेड़ के मुख्य आरोपित विकास दूबे बताकर टिप्पणी की गई थी। जिसके बाद उस दिन ही देर रात लखनऊ से आए फोन के बाद सक्रिय पुलिस ने अभय यादव को उनके घर खुटहा, देहात कोतवाली से आधी रात को हिरासत में ले लिया था। वहीं अभय यादव का कहना था कि वह फोटो पहले से सोशल मीडिया पर वायरल थी और उन्होंने उसे शेयर किया था। हालांकि शनिवार सुबह उन्हें शांति भंग में चालान के बाद छोड़ा गया था। वहीं अब एक बार फिर उन्होंने एक्स वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि पुलिस उनके घर 12:00 बजे परेशान करने के लिए पहुंची है।

इस वीडियो में समाजवादी पार्टी नेता कह रहे हैं कि उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने वीडियो में कहा कि जिला कोतवाली में तैनात दरोगा संजय सिंह रात को 12:00 बजे अपने साथियों के साथ पहुंचे हैं। वीडियो में बता रहे हैं कि वह (पुलिसकर्मी) गुंडागर्दी कर रहे हैं। गिरफ्तार कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी नेता कह रहे हैं कि यह विपक्ष की आवाज दबाना चाहते हैं संजय सिंह (पुलिसकर्मी)। जिसके बाद में दरोगा संजय सिंह से यह कहते हुए भी दिख रहे हैं कि संजय सिंह जी सरकार बदलती रहती है। हालांकि इस दौरान सपा नेता और पुलिसकर्मी संजय सिंह के बीच थोड़ी बहस हो जाती है।

सपा नेता इस वीडियो में कहते हुए नजर आ रहे हैं कि हम आप ही के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। इस दौरान पुलिसकर्मी संजय सिंह कहते हैं कि मैं अधिकारी के आदेश पर आया हूं। वहीं सपा नेता कहते हैं कि लिखित में आदेश ले आइए हम भी अधिवक्ता हैं, गुंडागर्दी करेंगे आप ? जिसके बाद दोनों के बीच बहस हो जाती है।

बता दें कि बीते 3 जून यानी शुक्रवार को कानपुर में विकास दुबे के ठिकाने पर पहुंची पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी। इस फायरिंग में सीओ समेत 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इस घटना को यूपी पुलिस के इतिहास में काला दिवस के रूप में देखा जा रहा है। घटना के बाद यह खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई। इसी क्रम में मीरजापुर में समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अभय यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्‍ट शेयर की जिसमें उन्‍होंने कानपुर मुठभेड़ के मुख्य आरोपित विकास दूबे की जगह बुंदेलखंड के नेता विकास को इंगित किया। इसके बाद सत्‍ता की गलियारों में जोर-शोर से चर्चाएं होने लगी। जब तक उन्‍हें अपनी गलती का अहसास होता,आधी रात को पुलिस घर पर धमक पड़ी और थाने ले गई। इसके बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को इसकी भनक लगते ही तिलमिला गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद अब एक बार फिर सपा नेता ने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें पुलिस उनके घर 12:00 बजे पहुंची हुई है।

Related Articles

Back to top button