Silver and Gold Price: सोने-चांदी में भारी गिरावट, निवेशकों को लगा झटका
MCX पर चांदी करीब 10% टूटी, एक दिन में 26,850 रुपये की बड़ी गिरावट अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 2310 रुपये सस्ता, डॉलर की मजबूती से दबाव फेड के सख्त रुख के चलते सोने-चांदी में आगे भी कमजोरी के आसार

Gold and silver price: सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर संकेतों और मजबूत अमेरिकी डॉलर के दबाव के बीच गुरुवार को सोने और चांदी के वायदा भावों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। दो सत्रों की तेजी के बाद अचानक आई इस गिरावट से निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी की कीमत करीब 10 प्रतिशत टूटकर 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। बुधवार को चांदी 2,68,850 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। यानी एक ही दिन में चांदी करीब 26,850 रुपये सस्ती हो गई।
सोना भी हुआ सस्ता, एक दिन में 2310 रुपये की गिरावट
चांदी के साथ-साथ सोने के भाव में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। MCX पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना गुरुवार को 2310 रुपये यानी 1.51 प्रतिशत गिरकर 1,50,736 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को सोना 1,53,046 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। ऑगमोंट की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी के मुताबिक, हालिया तेजी टिक नहीं पाई और सोने-चांदी में दो दिनों से चल रहा उछाल टूट गया। बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बढ़ गया है, जिससे अस्थिरता भी बढ़ी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दिखी भारी कमजोरी
घरेलू बाजार की तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव साफ नजर आया। कॉमेक्स पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी 8.85 डॉलर या 10.48 प्रतिशत गिरकर 75.55 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। कारोबार के दौरान इसमें 13 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट भी देखी गई और चांदी 73.38 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर तक फिसल गई। वहीं, अप्रैल डिलीवरी वाला सोना भी कमजोर रहा और 80 डॉलर या 1.61 प्रतिशत टूटकर 4870.9 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। पिछले सत्र में सोने ने एक बार फिर 5000 डॉलर प्रति औंस का स्तर पार किया था।
आगे भी जारी रह सकती है गिरावट
इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी का कहना है कि गिरावट के बाद खरीदारी की उम्मीद थी, लेकिन हालिया तेजी टिक नहीं सकी। ऐसे में चांदी समेत अन्य धातुओं में दबाव आगे भी बना रह सकता है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और ब्याज दरों में कटौती की धीमी उम्मीदों के चलते डॉलर मजबूत हुआ है। इसी वजह से सोने और चांदी में बिकवाली तेज हो रही है।



