महाशिवरात्रि पर मनेगी शिव दीपावली, 18 लाख दीये किए जाएंगे प्रज्वलित

श्री महाकाल महालोक के लोकार्पण के पश्चात देश और दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालु उज्जैन दर्शन के लिये आ रहे हैं।

 

उज्जैन। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विक्रमोत्सव-2023 के आयोजन की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि वृहत्तर भारत की सांस्कृतिक चेतना पर एकाग्र विक्रमोत्सव-2023 इस वर्ष 18 फरवरी से 22 मार्च 2023 तक आयोजित किया जायेगा। इस बार का विक्रमोत्सव भव्य स्तर पर आयोजित किया जायेगा। महाशिवरात्रि से प्रारम्भ होकर नववर्ष प्रतिपदा तक विक्रमोत्सव का आयोजन किया जायेगा।

मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि श्री महाकाल महालोक के लोकार्पण के पश्चात देश और दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालु उज्जैन दर्शन के लिये आ रहे हैं। इस बार महाशिवरात्रि पर शिव दीपावली पूरे उज्जैन में मनाई जायेगी। इस दौरान 18 लाख दीये जलाकर भगवान महाकालेश्वर को अर्पित किये जायेंगे और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जायेगा।

बैठक में विक्रमोत्सव-2023 के आयोजन के सम्बन्ध में विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक डॉ.श्रीराम तिवारी ने जानकारी दी कि 18 फरवरी 2023 को महाशिवरात्रि पर्व पर तथा विक्रमोत्सव के शुभारम्भ पर शिव दीपावली मनाई जायेगी। इस दौरान 18 लाख दीपक जलाये जाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में उज्जैन का नाम दर्ज किया जायेगा। इसके बाद 20 से 27 फरवरी तक विक्रम कीर्ति मन्दिर सभागार में स्कूल शिक्षा विभाग और विद्या भारती के सहयोग से नाट्य प्रस्तुतियां दी जायेंगी। इसमें मध्य प्रदेश के स्कूलों से चुने गये श्रेष्ठ नाट्य की सात प्रस्तुतियां दी जायेंगी।
मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि आगामी 21 फरवरी को विक्रमादित्य के महाकाल शीर्षक के अन्तर्गत प्रदेश के विभिन्न मन्दिरों में भगवान के श्रृंगार पर केन्द्रित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। इस दौरान महाकाल महालोक का परिभ्रमण भी किया जायेगा। विविध मन्दिरों में भगवान के श्रृंगार के फोटो और वीडियो बनाये जायेंगे तथा उन्हें पुरस्कार दिया जायेगा। इसके पश्चात 21 फरवरी से उज्जैन हाट, ग्रामोद्योग विभाग और वन विभाग के सहयोग से हस्त शिल्प व्यापार मेले का आयोजन किया जायेगा। इसमें ग्रामोद्योग हस्त शिल्प मेला, मालवी व्यंजन मेला और वन औषधी मेले का आयोजन किया जायेगा।

Related Articles

Back to top button