खेल महाकुंभ के पीछे समग्र विकास की भावना : रेखा आर्य

खेल महाकुंभ आयोजित करने के पीछे बालक बालिकाओं के शारीरिक तथा मानसिक मनोबल देने की मंशा है।

देहरादून(हि.स.)। खेल मंत्री रेखा आर्य ने प्रतिभावान खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ आयोजन की जानकारी दी।
युवा कल्याण की ओर से पत्रकार वार्ता में सोमवार को खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि खेल महाकुंभ का छठा संस्करण आयोजन किया जा रहा है, जिसमें न्याय पंचायत से लेकर विकासखंड, जनपद स्तर पर 14 वर्ष, 17, 21 वर्ष से नीचे के बालक-बालिकाओं की प्रतियोगिताएं करायी जाएंगी।
मंत्री ने बताया कि इनमें कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, बालीबाल, फुटबाल, हैंड बाल, जुडो, बास्केट बाल, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, कराटे, टेबल टेनिस, हॉकी, योग, मल खंभ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। सभी 662 न्याय पंचायतों में 2 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक 14 वर्ष से आयु वर्ग से नीचे 63054 बालक, 15832 बालिका, 17 वर्ष से नीचे के 27575 बालक, 18645 बालिका, 21 वर्ष से नीचे की आयु के 2605 बालक तथा 11729 बालिका कुल 73177 बालक तथा 46206 बालिकाओं ने भाग लिया है।
इसी प्रकार 13 जनपद स्तर पर सभी 13 जनपदों के एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो आदि खेलों में 14311 बालक तथा 11427 बालिका 29 दिसम्बर से राज्य स्तरीय महाकुंभ में प्रतिभाग करेंगे। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक खेलों में कुल 217569 बालक तथा 155559 बालिकाओं ने भाग लिया है जो 2021 के महाकुंभ से अधिक संख्या है।
उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ आयोजित करने के पीछे बालक बालिकाओं के शारीरिक तथा मानसिक मनोबल देने की मंशा है। इस अवसर पर खेल विभाग से जुडे़ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button