दिल्ली में आप ने सौंपी संजय सिंह और पंकज गुप्ता को ये अहम ज़िम्मेदारी!

दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनावो को मद्देनज़र रखते हुए आम आदमी पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर गुरुवार को आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी इकाई पॉलीटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक हुई। बैठक के दौरान पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को दिल्ली का प्रभारी नियुक्त किया गया।

आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में संजय सिंह आम आदमी पार्टी की कमान संभालेंगे। इसके साथ ही पंकज गुप्ता को केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव में प्रचार की रूपरेखा तय करने का ज़िम्मा सौंपा है। आम आदमी पार्टी की माने तो झारखण्ड के साथ ही दिल्ली में भी विधानसभा चुनाव होने की संभावनाएं हैं। इसलिए पार्टी पहले से ही सभी तैयारियां करने में लगी है।

विपक्ष की बुराई नहीं, अपनी बड़ाई करेगी आप

जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी चुनाव कैंपेन में विपक्ष से ज़्यादा अपने किए कार्यों को जनता के सामने लाने की कोशिश करेगी। इसमें केजरीवाल सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में किए गए कार्यों को ही अहम मुद्दा बनाने की सम्भावना है। बता दें कि हाल ही में केजरीवाल सरकार ने 200 यूनिट तक दिल्ली वालों को मुफ्त बिजली और बड़ी तादाद में राजधानी में रहने वाले किरायेदारों के लिए अलग मीटर मुहैया कराए जाने की घोषणा की थी। इसके अलावा भी दिल्ली सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं और योजनाओं को आने वाले चुनाव के लिए सियासी नज़र से देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button