रुद्रप्रयाग : पान्जणा गांव में पत्थर के नीचे दबने से 2 मजदूरों की मौत

रुद्रप्रयाग। विकासखंड जखोली के पान्जणा गांव में पत्थर के नीचे दबने से दो ग्रामीण मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
बताया गया है कि पान्जणा के ग्रामीण गांव के पास के जंगल में निर्माण कार्य के लिए पत्थर निकाल रहे थे कि अचानक एक बड़ा पत्थर नीचे गिर गया। पत्थर की चपेट में गोपाल सिंह पंवार पुत्र बचन सिंह पंवार(40) और गुमान सिंह गुसाईं पुत्र कुंदन सिंह गुसांई (48) आ गए। दोनों ने मौके पर दम तोड़ दिया। अन्य युवक नवनीत सिंह पुत्र जबर सिंह को हल्की चोट आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पूरा गांव घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा, लेकिन ग्रामीण राहत-बचाव का कार्य करते कि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने दोनों शव बाहर निकाले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरा और आगे की कार्रवाई के लिए शवों को जिला अस्पताल ले आई।
गोपाल सिंह पवार अपने पीछे पत्नी 3 लड़कियां और 1 बेटा छोड़ गए हैं जबकि गुमान सिंह अपने पीछे 4 लडकियां, 1 लड़का ओर पत्नी छोड़ गये हैं। दोनों व्यक्ति घर के अकेले कमाऊ सदस्य थे। दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में मातम पसरा है। हादसे से हर कोई गमजदा है और कुदरत के ऐसे कहर को कोस रहे हैं।

Related Articles

Back to top button