रणवीर सिंह की फिल्म ’83’ इसी साल क्रिसमस पर और अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ अगले साल होगी रिलीज

रणवीर सिंह की फिल्म ’83’ और अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ काफी समय से चर्चा में हैं। रणवीर सिंह की फिल्म ’83’ इस साल क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी, वहीं अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ अगले साल रिलीज होगी। देश में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए ‘सूर्यवंशी’ के मेकर्स ने फिल्म को अगले साल रिलीज करने का फैसला लिया। यह जानकारी फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने दी।
तरण आदर्श ने बुधवार को ट्वीट किया-‘अतीत…सूर्यवंशी: दिवाली 2020, 83दफिल्म: क्रिसमस2020। वर्तमान स्थिति…सूर्यवंशी: अक्षय कुमार, रोहित शेट्टी और रिलायंस एक नया दिन तय करेंगे। यह फिल्म साल 2021 में जनवरी से मार्च के बीच कभी भी रिलीज हो सकती है। फिल्म ’83’: वर्तमान में, यह फिल्म क्रिसमस पर रिलीज के लिए तय है।’

अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ एक कॉप ड्रामा फिल्म है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार के अपोजिट अभिनेत्री कैटरीना कैफ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। एक्शन से भरपूर इस फिल्म में अक्षय कुमार डीसीपी ‘वीर सूर्यवंशी’ के किरदार में हैं। फिल्म में अजय देवगन और रणवीर सिंह कैमियो रोल में है, जबकि जैकी श्रॉफ, गुलशन ग्रोवर और सिकंदर खेर भी महत्वपूर्ण भूमिका में है। यह फिल्म पहले इसी साल रिलीज होने वाली थी, लेकिन देश में बढ़ते कोरोना वायरस महामारी के कारण इसकी रिलीज टाल दी गई। अब यह फिल्म अगले साल रिलीज होगी।
वहीं अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ’83’ इसी साल 10 अप्रैल, 2020 को रिलीज होनी वाली थी, लेकिन यह फिल्म भी कोरोना के चलते थियेटर्स बंद होने के कारण समय से रिलीज नहीं हो पाई। कबीर खान द्वारा निर्देशित यह फिल्म 1983 में हुए क्रिकेट वर्ल्‍ड कप में वेस्‍टइंडीज के खिलाफ भारत की ऐतिहासिक जीत पर आधारित है। फिल्म ’83’ में रणवीर सिंह पूर्व कप्तान कपिल देव के किरदार में हैं, वहीं दीपिका फिल्म में कपिल देव की पत्नी रोमी देव के किरदार में हैं। शादी के बाद दोनों की साथ में यह पहली फिल्म है। इनके अलावा इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, चिराग पाटिल, दिनकर शर्मा, निशांत दहिया, साहिल खट्टर, ताहिर राज भसीन, आर बद्री, हार्डी संधू, अम्मी विर्क, जिवा, साकिब सलीम, जतिन सरना भी अहम भूमिका में हैं। यह फिल्म इसी साल क्रिसमस पर रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button