कैंसर से जीतकर लौटे ऋषि कपूर ने फिर फेस किया कैमरा

बॉलीवुड की जानी मानी हस्ती ऋषि कपूर पिछले महीने ही कैंसर का इलाज करवाकर भारत वापस लौटे हैं। कैंसर की जंग जीतने के बाद ऋषि कपूर ने भारत के साथ-साथ काम पर भी वापसी कर ली है। उन्होंने हाल ही में काफी समय बाद कैमरे का सामना किया। इस दौरान उन्होंने जाने माने फोटोग्राफर अविनाश गोवारिकर से एक फोटोशूट करवाया है।

इस फोटोशूट से अविनाश गोवारिकर ने ऋषि की एक तस्वीर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की है। इस ब्लैक एंड व्हाइट फोटो में ऋषि कपूर बड़ी सी मुस्कान बिखेरते दिखाई दे रहे हैं। अविनाश ने फोटो के कैप्शन में लिखा, ‘लेजेंड ऋषि कपूर के साथ पैकअप के बाद का शॉट।’ एक छोटे से ब्रेक के बाद वे वापस आ गए हैं। शब्दों में बयान नहीं कर सकता कि चिंटूजी को लेंस के जरिए देखकर कैसा लगा।’ उनकी इस तस्वीर को ऋषि कपूर ने भी रीट्विट किया। ऋषि ने तस्वीर के साथ लिखा, ‘थैंक यू अविनाश। पैकअप के बाद लगभग दो महीने से बढ़ी दाढ़ी काट दी। आज रात (शनिवार) इटली के लिए रवाना हो रहा हूं, वापस आकर तुमसे मिलता हूं।’

क्यों भारत से दूर थे ऋषि कपूर?

गौरतलब है कि ऋषि कपूर साल 2018 में अचानक भारत छोड़कर न्यूयॉर्क चले गए थे। उन्होंने फैंस से शांत रहने और दुआ करने के लिए कहा था। बाद में खुलासा हुआ था कि ऋषि विदेश में कैंसर का इलाज करवा रहे थे। उनके इलाज के दौरान बेटे रणबीर कपूर और बेटी रिद्धिमा कपूर उनसे मिलने जाते रहते थे। हालाँकि उनकी पत्नी नीतू कपूर उनके साथ ही न्यूयॉर्क में रह रही थी। इस दौरान न्यूयॉर्क में कई बार प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट, अनुपम खेर, शाहरुख खान, आमिर खान, अर्जुन कपूर, विक्की कौशल संग अन्य बॉलीवुड सितारे भी उनसे मिलने गए थे।

Related Articles

Back to top button