कांग्रेस से निकाले गए रमाकांत यादव अब सपा के घर में शामिल

उत्तर प्रदेश में रविवार सुबह समाजवादी पार्टी की एक प्रेस वार्ता में बीजेपी के पूर्व सांसद रमाकांत यादव समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। कुछ समय पहले रमाकांत यादव को कांग्रेस पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया था। उनके साथ ही हज़ारों की तादाद में लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता को स्वीकार किया।

अबू आज़मी की मौजूदगी में सपा के पूर्व सदस्य एक बार फिर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। उनके साथ ही लखनऊ पार्टी कार्यालय में फूलन देवी की बहिन रुक्मिणी देवी और अम्बेडकर नगर ज़िला पंचायत के कई सदस्यों ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। सभी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सदस्यता दिलाई। इस दौरान रमाकांत यादव ने परिवार में वापसी से ख़ुशी ज़ाहिर की। उन्होंने कहा ‘आज अपने घर मे, अपने परिवार में आने के बाद ऐसी भावना पैदा हो रही है कि बहुत ज्यादा बोल ही नही सकता। पर जो देश के हालात है, जो देश का किसान, नौजवान परेशान है वो अखिलेश जी की तरफ आशा की निगाह से देख रही है।’ उन्होंने देश में पूंजीवाद फैलने और सेकुलरिज्म के खत्म होने की बात कही। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी खुले दिल से रमाकांत यादव का स्वागत किया।

हर पार्टी के हो चुके हैं रमाकांत

वहीँ पार्टी नेता अबू आज़मी ने इस मौके पर बीजेपी पर निशाना साधा। रमाकांत यादव की बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि ‘आज जो लोग सत्ता में है, वो धर्म के नाम पर लोगो को भड़का रहे है। कश्मीर में लोग घरों में कैद हैं।’ गौरतलब है कि रमाकांत यादव इससे पहले बीजेपी और कांग्रेस के भी सदस्य रहे हैं। वे एक बार बीजेपी, दो बार समाजवादी पार्टी, और दो बार बसपा से भी सांसद रह चुके हैं। लोकसभा चुनाव से कुछ समय पहले ही वे कांग्रेस में शामिल हुए थे।

Related Articles

Back to top button