मध्य पूर्व संकट के बीच पंजाब सरकार अलर्ट, फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए बनाए नोडल अधिकारी और शुरू की 24×7 हेल्पलाइन
मध्य पूर्व संकट के बीच पंजाब सरकार ने बनाए दो वरिष्ठ अधिकारी नोडल 24×7 हेल्पलाइन शुरू, विदेश मंत्रालय से लगातार रहेगा संपर्क खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी पर सरकार की नजर

चंडीगढ़, 5 मार्च: मध्य पूर्व क्षेत्र में जारी युद्ध जैसी स्थिति के बीच वहां फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पूरी प्रक्रिया के समन्वय और निगरानी के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार तुरंत प्रभाव से 24×7 हेल्पलाइन पहले ही स्थापित कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर.के. जैसवाल को हेल्पलाइन का ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया गया है, जबकि गृह विभाग के सचिव विमल सेतिया को समन्वय और निगरानी के उद्देश्य से नोडल अधिकारी बनाया गया है।
विदेश मंत्रालय से लगातार संपर्क में रहेंगे अधिकारी
सरकार की ओर से नोडल अधिकारी को भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ एक्सटर्नल अफेयर्स के साथ लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मध्य पूर्व और अन्य देशों में फंसे भारतीयों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तुरंत समन्वय किया जा सके।
फंसे लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन और निगरानी व्यवस्था
नोडल अधिकारी मध्य पूर्व एशिया और अन्य देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की लगातार निगरानी करेंगे। हेल्पलाइन पर आने वाली सभी कॉलों का सही रिकॉर्ड रखा जाएगा और उन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मामलों को विदेश मंत्रालय या संबंधित विभागों के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
पंजाब सरकार हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह कदम मध्य पूर्व और अन्य देशों में फंसे पंजाब के निवासियों से जुड़ी आपात स्थिति को देखते हुए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को जरूरी सहायता और सहयोग प्रदान करना है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार खाड़ी क्षेत्र में फंसे पंजाबियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



