असम में वायुसेना का सुखोई-30MKI विमान क्रैश, दो पायलट शहीद
असम में ट्रेनिंग के दौरान वायुसेना का सुखोई-30MKI क्रैश स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरगकर शहीद कार्बी आंगलॉन्ग में सेना और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

Assam news: पूर्वोत्तर भारत के असम से बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय वायुसेना का आधुनिक लड़ाकू विमान Sukhoi‑30MKI गुरुवार शाम क्रैश हो गया। हादसे में दो पायलट शहीद हो गए। शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि विमान अचानक रडार से लापता हो गया था, लेकिन बाद में पता चला कि यह असम के कार्बी आंगलॉन्ग जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रूसी तकनीक से बना सुखोई-30MKI भारतीय वायुसेना की सबसे ताकतवर लड़ाकू विमानों में गिना जाता है और इसे एयरफोर्स की रीढ़ माना जाता है।
कैसे लापता हुआ था विमान?
जानकारी के मुताबिक यह लड़ाकू विमान जोरहाट एयरबेस से ट्रेनिंग मिशन के लिए उड़ान भरी थी। विमान से आखिरी बार शाम करीब 7:42 बजे संपर्क हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद यह अचानक रडार से गायब हो गया। इसके बाद वायुसेना और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
कार्बी आंगलॉन्ग में मिला मलबा
बाद में पता चला कि विमान जोरहाट से करीब 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलॉन्ग इलाके में क्रैश हो गया। सेना, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने आसमान में एक विमान को तेजी से नीचे गिरते हुए देखा और इसके बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनी।
दो पायलट शहीद
इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरगकर शहीद हो गए। घटना पर रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने देश की सेवा में असाधारण साहस दिखाया और राष्ट्र हमेशा उनके बलिदान को गर्व और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा। साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।



