पंजाब भाजपा अध्यक्ष पर होशियारपुर में जानलेवा हमला, बाल बाल बचे

चंडीगढ़। पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर सोमवार को देर शाम अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर कृषि कानून के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। भाजपा अध्यक्ष के सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें भीड़ से बचाकर दसूहा पुलिस थाने में पहुँचाया।
जानकारी के अनुसार अश्वनी शर्मा एक कार्यक्रम में भाग लेकर जालंधर से पठानकोट जा रहे थे। उनके साथ सुरक्षा कर्मी भी मौजूद थे। अश्वनी शर्मा गाड़ी नँबर पीबी 02-8888 में सवार थे। गाड़ी जैसे ही होशियारपुर के निकट टोल प्लाजा पार कर रही थी तभी भीड़ ने उन्हें घेर लिया। अश्वनी शर्मा को घेरने वालों ने कृषि कानून के विरोध में नारेबाजी करते हुए गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया।
अश्वनी शर्मा जैसे तैसे खुद को बचाते हुए अपने सुरक्षा कर्मियों की मदद से दसूहा पुलिस थाने में पहुँचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के पास दोआबा किसान संघर्ष कमेटी के बैनर थे। सुरक्षा अमले ने अश्वनी शर्मा को दसूहा पुलिस थाने में पहुँचाया। जहां अश्वनी शर्मा ने अपने ऊपर हुए हमले की शिकायत तो की लेकिन हमले में किसानों का हाथ होने से इनकार करते हुए कहा कि कुछ लोग किसानों के आंदोलन का स्वरूप बिगाड़ने के लिए उनपर हमला कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए बयानों में कहा है कि हमलावर केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button