गुपचुप तरीके से इनसे मिलने मुज़फ्फरनगर पहुंची प्रियंका गाँधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी शनिवार को मुजफ्फरनगर पहुंची। प्रियंका गाँधी यहाँ 20 दिसंबर को हुए हिंसक प्रदर्शन में शिकार मौलाना अरशद रजा व हिंसा में मारे गए नूरा के परिजनों से भी मिलने पहुंची। नूरा के परिजनों से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाये। बता दें कि इस समय मुज़फ्फरनगर में धारा 144 लगी हुई है। ऐसे में प्रियंका गाँधी के आने की खबर किसी को नहीं मिली थी।

जानकारी के अनुसार, प्रियंका गांधी कांग्रेस नेता इमरान मसूद व पंकज मलिक के साथ गुपचुप तरीके से मुज़फ्फरनगर पहुंची थी। उनके आने की खबर प्रशासन तक को नहीं दी गई। यहाँ उन्होंने मौलाना अरशद रजा व नूरा के परिजनों से डेढ़ घंटे तक बंद कमरों में बातचीत की। इसके बाद कांग्रेस महासचिव ने प्रेमपुरी स्थित कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर मेरठ के लिए रवाना हो गई। प्रियंका के आने की सूचना मिलने के बाद खालापार समेत कई इलाकों में पुलिस और प्रशासन सक्रीय हो गए।

गौरतलब है कि प्रियंका गाँधी मुज़फ्फरनगर में हुए प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को लेकर पुलिस के खिलाफ मुखर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उन्होंने राज्यपाल को एक खत में पुलिस द्वारा की गई हिंसा के खिलाफ कार्यवाई की मांग की है। प्रियंका गाँधी ने बताया कि इस खत में उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में ऐसी घटनाओं का विवरण देकर इन्साफ की मांग की है।

Related Articles

Back to top button