UP Encounter: हाथ में AK-47 और झारखंड के बदमाश की यूपी पुलिस को धमकी – “कई को मार चुका हूँ, अब तुम्हारी..”

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक बड़ी पुलिस कार्रवाई के तहत झारखंड के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर आशीष रंजन उर्फ छोटू धनबादिया को STF ने एनकाउंटर में मार गिराया। आशीष रंजन पर झारखंड और बिहार में दर्जनों संगीन मामलों में केस दर्ज थे और उस पर 4 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस को मिली थी बड़ी वारदात की सूचना
STF इंस्पेक्टर जयप्रकाश राय के अनुसार, इनपुट मिला था कि गैंगस्टर आशीष रंजन सिंह प्रयागराज में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। वह मध्य प्रदेश के रास्ते प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र में पहुंचा था। STF ने तुरंत घेराबंदी कर शिवराज चौराहे पर नाकेबंदी की।
एके-47 से की अंधाधुंध फायरिंग, STF का जवाबी हमला
जैसे ही छोटू बाइक से पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। इस पर वह भागने लगा और कच्चे रास्ते में जाकर बाइक गिर गई। उसने झोले से AK-47 निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। STF ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें छोटू घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान 46 राउंड फायरिंग, STF बाल-बाल बची
STF सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ करीब 10 मिनट चली जिसमें 46 राउंड गोलियां चलीं। इनमें से 16 राउंड STF ने चलाईं। इंस्पेक्टर राय सहित कई जवान बाल-बाल बचे। छोटू ने पुलिस को ललकारते हुए कहा था, “मैं पहले भी कई हत्याएं कर चुका हूं, अब तुम्हें भी उड़ाऊंगा।”
STF को मिला भारी असलहा, साथी फरार
मुठभेड़ के बाद पुलिस को घटनास्थल से AK-47, पिस्टल और बड़ी मात्रा में 9MM कारतूस बरामद हुए। छोटू का एक साथी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला। उसकी तलाश जारी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एनकाउंटर का वीडियो
घटना के बाद एनकाउंटर स्थल का वीडियो सामने आया जिसमें छोटू जमीन पर खून से लथपथ पड़ा दिखा। STF जवान उसे अस्पताल ले जाने की बात कर रहे हैं। मौके पर एंबुलेंस भी मौजूद थी।
यूपी की कई गैंग को करता था हथियार सप्लाई
STF के मुताबिक, आशीष रंजन झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में सक्रिय था। वह यूपी की कई गैंग को एके-47 जैसे हाईटेक हथियार सप्लाई करता था। वह अमन सिंह गैंग का प्रमुख शूटर रहा है।
जेल में अमन सिंह की हत्या भी कराई थी
अमन सिंह और आशीष के बीच आपसी टकराव था। 3 दिसंबर 2023 को धनबाद जेल में अमन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी आशीष रंजन ने खुद ली थी। उसने सोशल मीडिया पर खुद को अमन विरोधी घोषित किया था।
इन हत्याओं में शामिल रहा है छोटू
- 2019: जमीन कारोबारी समीर मंडल की हत्या (धनबाद)
- 2021: कोयला व्यापारी नीरज तिवारी की हत्या (कतरास)
- 2021: सफुल हसन उर्फ लाला की हत्या (बैकमोड)
- 2023: अमन सिंह की जेल में हत्या (धनबाद जेल)
यूपी में छिपकर करता था अपराध की योजना
झारखंड में वारदात के बाद छोटू अक्सर यूपी में छिप जाता था। अमन सिंह के जेल जाने के बाद उसने खुद का नेटवर्क खड़ा करना शुरू कर दिया था और यूपी में भी प्रभाव बढ़ा रहा था।



