हैवानियत का Video: सडकों पर राइफल लेकर निकला शख्स, 25 कुत्तों को दौड़ाकर मारी गोली..

झुंझुनूं, राजस्थान | 7 अगस्त 2025 — राजस्थान के झुंझुनूं जिले के कुमावास गांव में पशु क्रूरता की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव की सड़कों पर खून से लथपथ 25 से ज़्यादा बेजुबान कुत्तों की लाशें मिलने से सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति ने दो दिनों तक बंदूक से गोलीबारी कर इन कुत्तों को मार डाला। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसे देख कर लोग गुस्से और सदमे में हैं।
वायरल वीडियो ने खोला कुकर्म का भंडाफोड़
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें एक व्यक्ति खुलेआम बंदूक लेकर घूमता दिख रहा है और सड़क व खेतों में घूम रहे आवारा कुत्तों पर गोलियां चला रहा है। कुछ सेकेंड के वीडियो में कुत्तों की चीखें और लहूलुहान सड़कें नजर आती हैं। पशु प्रेमी और आम लोग इस घटना पर गहरी नाराजगी जता रहे हैं।
राजस्थान के झुंझुनू में एक बदमाश हाथों में बंदूक लेकर निकाला और एक-एक करके उसने 25 कुत्तों को गोली मार दी ! #jhunjhunu pic.twitter.com/nzMpAj87Zk
— ReporteR Sahab (@ReporterSahab) August 6, 2025
आरोपी की पहचान, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की पहचान डुमरा गांव निवासी श्योचंद बावरिया पुत्र सुरजाराम बावरिया के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जानबूझकर कुत्तों को मारा है, जिसके पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
गांव की पूर्व सरपंच ने लगाए गंभीर आरोप
गांव की पूर्व सरपंच सरोज झांझड़िया ने दावा किया कि आरोपी ने इससे पहले भी गांव में आकर ऐसा ही बर्ताव किया था। उनका कहना है कि वह पांच महीने पहले भी कुछ लोगों के साथ गांव आया था और अब फिर से कुत्तों को निशाना बनाया। आरोपी का यह कहना कि कुत्तों ने उसकी बकरियां मार दीं, सिर्फ एक बहाना है।
पुलिस पर सवाल, कार्रवाई में देरी से ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई में देरी हुई, जिससे आरोपी फरार हो गया। पशु अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई होती, तो इतने मासूम जानवरों की जान बचाई जा सकती थी।
जानवरों के अधिकारों पर हमला, पशु प्रेमियों में रोष
यह घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि बेजुबान जानवरों के अधिकारों का खुला उल्लंघन है। पशु अधिकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राजस्थान सरकार से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।



