डिप्रेशन और लंग्स की बीमारी से जूझ रहे थे प्रतीक यादव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सुबह अस्पताल में मृत घोषित किए गए मुलायम के छोटे बेटे, केजीएमयू में वीडियोग्राफी के साथ होगा पोस्टमार्टम दिल्ली से लखनऊ पहुंचीं पत्नी अपर्णा यादव, पति की मौत की खबर सुन परिवार में मचा कोहराम अखिलेश यादव ने भाई को दी श्रद्धांजलि, कहा- दो महीने पहले हुई थी मुलाकात, सेहत को लेकर हमेशा रहते थे अलर्ट

Prateek yadav demise: उत्तर प्रदेश की राजनीति के सबसे बड़े परिवार से एक बेहद दुखद खबर आ रही है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का महज 38 साल की उम्र में निधन हो गया है। बुधवार सुबह जब उन्हें लखनऊ के अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद से ही पूरे प्रदेश और सपा परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रतीक यादव के निधन की गुत्थी सुलझाने के लिए अब उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी।
बीमारी और डिप्रेशन से जूझ रहे थे प्रतीक
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव पिछले काफी समय से फेफड़ों (लंग्स) की बीमारी से परेशान थे। बताया जा रहा है कि उनके फेफड़ों में क्लॉट यानी खून के थक्के जमने की समस्या थी, जिसका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा था। इसके अलावा यह भी बात सामने आ रही है कि प्रतीक पिछले 3-4 सालों से डिप्रेशन का भी इलाज करा रहे थे। बुधवार तड़के अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
Prateek yadav demise: दिल्ली से लखनऊ पहुंचीं पत्नी अपर्णा यादव
जब यह दुखद हादसा हुआ, उस समय प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव दिल्ली में थीं। पति के निधन की सूचना मिलते ही वह स्तब्ध रह गईं और तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हुईं। ताजा अपडेट के मुताबिक, अपर्णा यादव लखनऊ पहुंच चुकी हैं और परिवार के साथ मौजूद हैं। वहीं, प्रतीक का पोस्टमार्टम लखनऊ के केजीएमयू में 4 डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा किया जाएगा, जिसकी पूरी पारदर्शिता के लिए वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
अखिलेश यादव ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
Prateek yadav demise: प्रतीक यादव के निधन पर उनके बड़े भाई और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। अखिलेश यादव खुद उस पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे जहां उनके भाई का शव रखा गया है। उन्होंने प्रतीक को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि प्रतीक बचपन से ही अपनी सेहत को लेकर बहुत सजग थे और उनका इस तरह चले जाना अत्यंत दुखद है। अखिलेश ने बताया कि करीब दो महीने पहले ही उनकी प्रतीक से मुलाकात हुई थी, जिसमें उन्होंने प्रतीक को अपना बिजनेस और आगे बढ़ाने की सलाह दी थी।
यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह के छोटे बेटे प्रतीक यादव की कैसी थी लाइफस्टाइल



