PM Modi की बिहार रैली में बुलाए सरकारी कॉलेज के स्टूडेंट्स, छात्र बोला – “मैं तो RJD का फैन हूं, कॉलेज वाले ले आए”

गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गयाजी पहुंचे तो मंच से लेकर मैदान तक “मोदी–मोदी” के नारे लग रहे थे। सुरक्षा, साज-सज्जा और 5 लाख लोगों की भीड़ जुटाने के दावे के बीच एक युवक का बयान चर्चा का विषय बन गया। युवक ने साफ कहा – “मोदी जी के लिए आए हैं। मैं पढ़ाई करता हूं। मुझे कॉलेज की तरफ से बुलाया गया है। सरकारी ITI कॉलेज से हमें लाया गया है। मैं मोदी को पसंद नहीं करता हूं। मैं RJD का फैन हूं।”

मंच पर ‘विरोध’ और ‘समर्थन’ दोनों का खेल

PM मोदी खुली गाड़ी से लोगों का अभिवादन करते हुए मंच तक पहुंचे। उनके साथ CM नीतीश कुमार और डिप्टी CM सम्राट चौधरी भी थे। मगर भीड़ के बीच से आई ये आवाज़ जैसे माहौल में हल्की-सी विडंबना भर गई। सत्ता का शो, भीड़ का तमाशा और बीच में एक स्टूडेंट का बयान—“मोदी पसंद नहीं, मैं RJD का फैन हूं।”

भूखे-प्यासे लाए गए लोग

सभा में मौजूद कुछ महिलाओं ने भी यही शिकायत की कि उन्हें बस में बैठाकर यहाँ ले आया गया। न खाने को मिला, न पानी। व्यंग्य यही है कि “विकास योजनाओं का उद्घाटन हो रहा है, मगर सभा में आई महिलाएं खुद सुविधा के बिना बैठी रहीं।”

13 हजार करोड़ की सौगात और औंटा-सिमरिया ब्रिज

PM मोदी ने मगध यूनिवर्सिटी कैंपस से 13,000 करोड़ की योजनाओं की शुरुआत की। साथ ही बेगूसराय में बने एशिया के दूसरे सबसे चौड़े 6 लेन औंटा–सिमरिया ब्रिज का वर्चुअल उद्घाटन किया। इसके अलावा बक्सर थर्मल पावर प्लांट समेत कई विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास हुआ।

मंच पर RJD विधायक विभा देवी की मौजूदगी

सभा का एक और ‘दिलचस्प’ पहलू था—नवादा से RJD विधायक विभा देवी का मंच पर मौजूद होना। उनके पति राजबल्लभ यादव हाल ही में रेप केस में हाईकोर्ट से बरी होकर जेल से बाहर आए हैं, जबकि निचली अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी। ऐसे में मंच पर उनकी मौजूदगी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय रही।

2025 में PM मोदी का छठा बिहार दौरा

यह प्रधानमंत्री का इस साल बिहार का छठा दौरा था। फरवरी में भागलपुर, अप्रैल में मधुबनी, मई में पटना और काराकाट, जून में सीवान और जुलाई में मोतिहारी का दौरा कर चुके हैं। इस बार गयाजी से बेगूसराय तक के कार्यक्रम में लाखों की भीड़ जुटाने का दावा तो हुआ, लेकिन उस भीड़ में से आईं कुछ आवाजें सरकार की मुश्किलें बढ़ाने वाली साबित हो गईं।

Related Articles

Back to top button