UP: बदला लेने 25 लड़के लेकर पहुंचे BJP नेता, ग्रामीणों ने सबको दौड़ाकर पीटा.. नेताजी के कपडे तक फाड़ दिए

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र के भैरो खुर्द गांव में रविवार देर शाम बड़ा बवाल हो गया। भाजपा नेता धर्मेंद्र लोधी अपने पिता से जुड़ी पुरानी रंजिश का बदला लेने करीब 25 अज्ञात साथियों के साथ गांव पहुंचे और विपक्षी पक्ष पर हमला कर दिया। लेकिन हालात उस समय बदल गए जब ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए और भाजपा नेता समेत उनके साथियों की भी जमकर पिटाई कर दी।
दस दिन पुरानी रंजिश बनी विवाद की जड़
घटना की शुरुआत करीब दस दिन पहले हुई थी। भाजपा नेता धर्मेंद्र लोधी के पिता गयादीन का गांव के मेडिकल स्टोर संचालक सोहन से विवाद हो गया था। आरोप है कि गयादीन मेडिकल स्टोर के बाहर शराब पी रहे थे, इसी दौरान सोहन से उनकी कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि सोहन ने अपने साथियों के साथ मिलकर गयादीन से मारपीट कर दी। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया था।
घरों पर धावा बोलने पहुंचे भाजपा नेता
इसी रंजिश का बदला लेने के लिए धर्मेंद्र लोधी रविवार देर शाम अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने सोहन पक्ष के घरों में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की। हालांकि, जैसे ही ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, वे बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और धर्मेंद्र लोधी व उनके समर्थकों को घेरकर उनकी भी पिटाई कर दी।
सोशल मीडिया पर धमकी का वीडियो वायरल
मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब भाजपा नेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में धर्मेंद्र लोधी पुलिस और ग्रामीणों के सामने यह कहते नजर आ रहे हैं— “अगर मेरे बाप को मारोगे तो मैं फिर ऐसे ही लोगों को मारूंगा।” इस बयान ने न सिर्फ राजनीतिक हलचल बढ़ा दी बल्कि भाजपा नेता पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए।
पुलिस ने कराया समझौता, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। घायल भाजपा नेता और उनके समर्थकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। थाना अध्यक्ष अशोक पाल ने बताया कि यह विवाद पुरानी रंजिश से जुड़ा है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



