मुर्दों पर भी मौसम का कहर: पानी में डूब गई जलती चिता, JCB मशीन से पिता को निकालते रहे अभागे बेटे

हिमाचल प्रदेश में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात भयावह बना दिए हैं। जगह-जगह भूस्खलन और सड़कें टूटने से आम लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। सतलुज नदी में उफान के चलते सुन्नी के ततापानी में सड़क धंस गई, जिससे करसोग विधानसभा क्षेत्र का शिमला से संपर्क पूरी तरह कट गया है।

बिलासपुर में जलती चिता बाढ़ की लहरों में समाई

हिमाचल के बिलासपुर जिले से रविवार को दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई। यहां अचानक आई बाढ़ के पानी ने श्मशान घाट को डूबो दिया। पानी इतना तेज था कि जलती हुई चिता भी बह गई। स्थानीय लोग इस नजारे को देख स्तब्ध रह गए। प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के चलते नदी-नालों में उफान है और हालात नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग और सैकड़ों सड़कें बंद

भारी बारिश के कारण चंडीगढ़-मनाली फोरलेन समेत तीन राष्ट्रीय राजमार्ग और 353 सड़कें बंद पड़ी हैं। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से पर्यटक और स्थानीय लोग फंसे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।

उत्तराखंड में गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे बहा

उत्तराखंड में भी हालात बेहद खराब हैं। यहां गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे भारी बारिश और भूस्खलन के चलते बह गए हैं। इससे चारधाम यात्रा प्रभावित हुई है और हजारों यात्री रास्ते में फंस गए हैं।

मुंबई में ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेनें प्रभावित

मुंबई में सोमवार को हुई तेज बारिश ने रेल और ट्रैफिक व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। कई जगह जलभराव से जाम की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने शाम तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ा, खतरा मंडराया

रविवार शाम 4 बजे हथिनीकुंड बैराज पर यमुना नदी का जलस्तर 1,78,996 क्यूसेक तक पहुंच गया, जिसके चलते बैराज के सभी 18 गेट खोल दिए गए। इसका असर दिल्ली में भी दिखा और पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 204.80 मीटर दर्ज किया गया। प्रशासन ने यमुना किनारे के सभी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है।

उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात

उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, मध्य प्रदेश के देवास, हरदा, खंडवा और बुरहानपुर समेत 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button