अब गूगल के 12 हजार कर्मियों पर गिरेगी गाज

प्रभावित होने वाले अमेरिका के कर्मचारियों को पहले ही एक अलग ईमेल भेज चुके हैं। अन्य देशों में स्थानीय कानूनों और तौर तरीकों के कारण इस प्रक्रिया में अधिक समय लगेगा।

नई दिल्ली। ट्विटर, अमेजन जैसी अमेरिका की बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों के बाद अब गूगल में भी छंटनी होगी। गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट दुनिया भर में 12 हजार कर्मचारियों को निकालेगी। गूगल और अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सीईओ सुंदर पिचाई ने गूगल के कर्मचारियों को एक ईमेल भेजा है, जिसमें उन्होंने प्रभावित कर्मचारियों की मदद करने का भरोसा जताया है साथ ही उन्होंने गूगल के छंटनी के फैसले पर खेद जताया है।

सुंदर पिचाई ने अमेरिका में काम कर रहे कर्मचारियों से कहा है- हम पूरी नोटिफिकेशन अवधि के दौरान कर्मचारियों को वेतन का भुगतान करेंगे। हम सेवरेंस पैकेज का ऑफर दे रहे हैं जो कि 16 सप्ताह की सैलरी से शुरू होगा। इसके अलावा गूगल में सेवा के हर अतिरिक्त वर्ष के लिए दो सप्ताह की सैलरी शामिल होगी।

उन्होंने कहा है- हम 2022 के बोनस और बाकी छुट्टियों का भुगतान करेंगे। हम प्रभावित लोगों को छह महीने तक स्वास्थ्य सुविधा सेवाएं, प्लेसमेंट में मदद और प्रभावितों को इमिग्रेशन में सहायता मुहैया कराएंगे। सुंदर पिचाई ने कहा है- अमेरिका के बाहर के कर्मचारियों को स्थानीय नीतियों के अनुसार मदद दी जाएगी। गूगल के कर्मचारियों को लिखी चिट्ठी में सुंदर पिचाई ने कहा है- मेरे पास साझा करने के लिए कटु समाचार है। हमने अपने वर्कफोर्स में करीब 12 हजार नौकरियां कम करने का फैसला लिया है। हम प्रभावित होने वाले अमेरिका के कर्मचारियों को पहले ही एक अलग ईमेल भेज चुके हैं। अन्य देशों में स्थानीय कानूनों और तौर तरीकों के कारण इस प्रक्रिया में अधिक समय लगेगा।

Related Articles

Back to top button