बड़ी खबर: यूपी तक पहुंची नेपाल की आग? बैरिकेडिंग तोड़ी.. 600 km लंबी सीमा हाईअलर्ट पर, कई बॉर्डर सील!

नेपाल में दो दिन से जारी हिंसा और उपद्रव का असर उत्तर प्रदेश से सटे जिलों में भी दिखने लगा है। विशेष रूप से लखीमपुर खीरी, बहराइच और महराजगंज के सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नेपाल के धनगढ़ी, नेपालगंज और कैलाली में आगजनी, तोड़फोड़ और प्रदर्शन के चलते भारत-नेपाल सीमा पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यूपी सरकार ने फंसे भारतीयों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।


नेपाल में हिंसा के कारण सीमा क्षेत्र प्रभावित

नेपाल के धनगढ़ी शहर में प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के घर को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने उनकी पत्नी और खुद देउबा को भी पीटा। इसके अलावा विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा के आवास, मुख्यमंत्री कार्यालय और कई राजनीतिक दलों के दफ्तरों में भी तोड़फोड़ और आगजनी हुई। जेल पर धावा बोलकर कैदियों को छुड़ा लिया गया, जिसके बाद कर्फ्यू लगाया गया।

नेपाल के नेपालगंज, कैलाली और अन्य इलाकों में भी हिंसा की घटनाएं सामने आईं। भारत से सटी सीमा के करीब स्थित इलाकों में तनाव की स्थिति है। एसएसबी और पुलिस लगातार निगरानी कर रही हैं।


यूपी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

लखीमपुर खीरी में बॉर्डर सील कर दिया गया है और भारत-नेपाल सीमा पर पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर पर सघन चेकिंग शुरू हो गई है और भारतीयों को नेपाल जाने से रोका जा रहा है। महराजगंज से सटे इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए हैं। पूरे बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ाई गई है ताकि हिंसा यूपी में प्रवेश न कर सके।


परिवहन सेवाओं पर असर

नेपाल जाने वाले परिवहन पर भी असर पड़ा है।
✔ गोरखपुर रोडवेज से नेपाल के सोनौली बॉर्डर जाने वाली बसों की संख्या 50% तक घट गई है।
✔ काठमांडू जाने वाली 4 फ्लाइट्स लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर डायवर्ट की गईं।
✔ अबूधाबी से काठमांडू जा रही फ्लाइट को वाराणसी डायवर्ट किया गया, जिसमें 144 यात्री थे।
✔ सीमा पर सघन चेकिंग से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


यूपी सरकार की तैयारी और हेल्पलाइन सेवा

यूपी सरकार ने सीमा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए सोशल मीडिया पर भी निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया इकाई को नेपाल से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही, नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं:
📞 0522-2390257
📞 0522-2724010
📱 9454401674 (मोबाइल/वॉट्सऐप)

सरकार ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद की जाएगी। मेडिकल सहायता भी नेपाल में फंसे भारतीयों तक पहुंचाई जा रही है।


एसएसबी की सतर्कता

एसएसबी इंस्पेक्टर अरुण पांडे ने बताया कि पिछले 2-3 दिनों से नेपाल में हालात खराब थे, लेकिन भैरवा इलाके में आगजनी की भयावह घटना हुई। भन्सार कार्यालय जल गया और कई जगह तोड़फोड़ हुई। हालांकि, पुलिस लगातार नेपाल प्रशासन से संपर्क में है और स्थिति सामान्य होने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button