बड़ी खबर: बड़े कांग्रेस नेता के घर ‘लॉरेंस बिश्नोई’ गैंग ने की फायरिंग, CCTV में कैद घटना, फिर धमकी भरा पोस्ट!

राजस्थान के बीकानेर जिले में बुधवार तड़के कांग्रेस नेता धनपत चायल और उनके भाई व्यापारी सुखदेव चायल के घर पर बदमाशों ने 7 राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने ली है। सोशल मीडिया पर धमकी दी गई कि यदि ‘लाइन पर’ नहीं आए तो अब सीधे गोली मार दी जाएगी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश कर रही है।

तड़के 4 बजे हुई फायरिंग, कांच और दीवारें टूटीं

बीकानेर के सादुलगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 4 बजे यह वारदात हुई। अपराधियों ने धनपत चायल और सुखदेव चायल के घर पर गोलियों से हमला कर दरवाजे, खिड़कियों और दीवारों पर निशान छोड़े। घर में लगे कांच टूट गए। मौके पर एडिशनल एसपी सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज में हेलमेट पहने दो युवक बाइक पर सवार होकर आते दिखे। फायरिंग की आवाजें भी रिकॉर्ड हुईं।

हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर दी धमकी

लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर हमला स्वीकार करते हुए लिखा कि “हम दोनों भाई हैरी बॉक्सर और सुंदर हंसी इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हैं। कॉल का जवाब नहीं मिला तो यह छोटी सी वॉर्निंग दी गई है। समय रहते लाइन पर आ जाएगा, नहीं तो सीधे गोली मार देंगे।”

रंगदारी की मांग, रोहित गोदारा का नाम सामने

धनपत चायल ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें एक फोन आया था, जिसमें कॉलर ने खुद को रोहित गोदारा बताया और 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। कॉलर ने चेतावनी दी कि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और पैसे न देने पर हत्या की धमकी दी। धनपत चायल बीकानेर में यूथ कांग्रेस के पूर्व शहर जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।

रोहित गोदारा के घर पुलिस की छापेमारी

पुलिस ने लूणकरणसर क्षेत्र में रोहित गोदारा के पिता के घर पर छापा मारकर परिवार से पूछताछ की। अनूपगढ़ एएसपी सुरेंद्र दादरवाल, लूणकरणसर, सूरतगढ़ और राजियासर के थानाधिकारियों सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने रोहित के ठिकाने, संपत्ति और गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

पहले पकड़े गए थे दो बदमाश, अब बदले की कार्रवाई

7 सितंबर को बीकानेर पुलिस ने मुक्ता प्रसाद नगर क्षेत्र से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से चार पिस्टल, बारह जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद हुई थी। पुलिस ने उन्हें रोहित गोदारा का गुर्गा बताया था। अब चायल परिवार के घर हुई फायरिंग ने पुलिस की कार्रवाई का बदला लेने की आशंका पैदा कर दी है।

पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा बढ़ाई गई

पुलिस ने इलाके की निगरानी बढ़ा दी है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अपराधियों की पहचान की जा रही है।

Related Articles

Back to top button