Nepal news: काठमांडू के पास दर्दनाक बस हादसा, 18 की मौत, 26 घायल
नेपाल के धादिंग में त्रिशूली नदी में गिरी यात्री बस हादसे में 18 की मौत, 26 घायल, राहत-बचाव जारी ओवर स्पीडिंग मानी जा रही दुर्घटना की वजह

Nepal news: नेपाल की राजधानी काठमांडू से करीब 90 किलोमीटर दूर धादिंग जिले के गजुरी इलाके में सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। पोखरा से काठमांडू आ रही एक यात्री बस पृथ्वी हाईवे पर सुबह करीब 1:30 बजे अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में गिर गई। हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल राहत व बचाव अभियान शुरू किया गया।
राहत और बचाव अभियान
नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स के प्रवक्ता बिश्नु प्रसाद भट्टा के अनुसार घटनास्थल से 17 शव बरामद किए गए, जबकि बस से 28 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बचाव कार्य में नेपाल आर्मी, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाल पुलिस के जवानों को लगाया गया है। नदी में गिरी बस को निकालने और लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
हादसे की वजह और विदेशी नागरिक
हादसे में मारे गए लोगों में न्यूजीलैंड का एक पुरुष यात्री भी शामिल है, जबकि घायलों में जापान और नीदरलैंड की एक-एक महिला नागरिक बताई जा रही हैं। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ओवर स्पीडिंग को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।



