NEET पेपर लीक पर AAP का हमला, केजरीवाल बोले- “युवाओं को सड़कों पर उतरना पड़ेगा”

चार बार लीक हुआ NEET पेपर, AAP ने केंद्र सरकार को घेरा केजरीवाल बोले- “युवाओं के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़” संजय सिंह का आरोप- “शिक्षा माफियाओं को भाजपा का संरक्षण”

Neet exam cancel: आम आदमी पार्टी ने पेपर लीक होने के बाद नीट परीक्षा रद्द किए जाने पर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने कहा कि राजनीतिक मिलीभगत और संरक्षण के चलते लगातार नीट के पेपर लीक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2017, 2021, 2024 और अब 2026 में भी नीट का पेपर लीक हुआ, लेकिन अब तक किसी आरोपी को सजा नहीं मिली। केजरीवाल ने कहा कि सालों तक कठिन मेहनत करने वाले करोड़ों युवाओं के साथ यह बहुत बड़ा धोखा है और अब युवाओं को सड़कों पर उतरना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है।

अपनी तैयारी के दिनों को किया याद

अरविंद केजरीवाल ने परीक्षा रद्द होने से प्रभावित लाखों छात्रों और अभिभावकों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद आईआईटी और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की है, इसलिए वह जानते हैं कि इसके लिए कितनी कठिन तपस्या करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि हिसार में उनके घर की छत पर बने छोटे कमरे में वह 24 घंटे पढ़ाई करते रहते थे। केजरीवाल ने कहा कि उस समय पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होती थीं और आज के छात्रों के साथ जो हो रहा है, वह बेहद दुखद है।

Neet exam cancel: गरीब परिवारों पर सबसे ज्यादा असर

केजरीवाल ने कहा कि कई परिवार बेहद गरीब होते हैं और बच्चों की कोचिंग के लिए माता-पिता अपना सोना गिरवी रख देते हैं या जमीन तक बेच देते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे दिल्ली जैसे शहरों में किराए पर रहकर तैयारी करते हैं और ऐसी स्थिति में पेपर लीक होना उनके सपनों को तोड़ने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने बड़े स्तर पर बार-बार पेपर लीक होना बिना राजनीतिक संरक्षण के संभव नहीं है।

Neet exam cancel: “सरकार से एक परीक्षा नहीं संभल रही”

अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि 2017, 2021 और 2024 के पेपर लीक मामलों में आरोपियों को आखिर क्या सजा मिली। उन्होंने कहा कि 2024 के आरोपी जमानत पर बाहर हैं और ऐसा लगता है कि उन्हें अगले पेपर लीक की तैयारी करने के लिए छोड़ दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि जिन लोगों से बिना लीक के एक परीक्षा नहीं कराई जा रही, वे सरकार क्या चलाएंगे। उन्होंने इसे पूरी तरह मिलीभगत का मामला बताया।

संजय सिंह का भाजपा पर तीखा हमला

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद Sanjay Singh ने कहा कि भाजपा के लिए हर चीज देशभक्ति बन चुकी है और अब नीट परीक्षा रद्द होना भी देशभक्ति बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा माफियाओं को भाजपा का संरक्षण प्राप्त है और वही लोग पेपर लीक कराते हैं। संजय सिंह ने कहा कि अगर युवा बेरोजगार और निराश होंगे तो उन्हें नफरत और दंगों की राजनीति में उलझाना आसान हो जाएगा।

“22 लाख छात्रों का भविष्य बर्बाद”

संजय सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा रद्द होने से 22 लाख छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10-12 वर्षों में देशभर में करीब 90 बार पेपर लीक हो चुके हैं और इनमें ज्यादातर मामले भाजपा शासित राज्यों या केंद्र सरकार की परीक्षाओं से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसद में भी उन्होंने उन कंपनियों का मुद्दा उठाया था जो परीक्षा आयोजित करती हैं और जिनके भाजपा से संबंध होने के आरोप हैं।

युवाओं को चेतावनी और राजनीतिक संदेश

संजय सिंह ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि भाजपा “युवाओं की बर्बादी की गारंटी” बन चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर युवा हिंदू-मुस्लिम की राजनीति में उलझे रहेंगे तो पेपर लीक जैसे मुद्दे कभी खत्म नहीं होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा असली मुद्दों से ध्यान भटकाकर छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

सौरभ भारद्वाज ने शिक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता

आम आदमी पार्टी के नेता Saurabh Bharadwaj ने कहा कि नीट जैसी परीक्षा में बार-बार पेपर लीक होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि इसी परीक्षा के जरिए देश के सबसे प्रतिभाशाली छात्र मेडिकल कॉलेजों में पहुंचते हैं और अगर शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठेगा तो भारतीय डॉक्टरों और इंजीनियरों की वैश्विक प्रतिष्ठा पर असर पड़ेगा।

“छात्र डिप्रेशन में जा सकते हैं”

Neet exam cancel: सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लाखों परिवार अपना पेट काटकर बच्चों को कोचिंग कराते हैं और पेपर लीक होने से उनका पैसा और मेहनत दोनों बर्बाद हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों छात्र सालों तक तैयारी करते हैं और ऐसी घटनाओं से कई छात्र मानसिक तनाव और डिप्रेशन में जा सकते हैं, लेकिन सरकार इस विषय को गंभीरता से नहीं ले रही है।

 

यह भी पढ़ें: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द, 22 लाख छात्रों को दोबारा देना होगा एग्जाम

Related Articles

Back to top button