प्याज के दाम गिरने से टूटा किसान का हौसला, 4 एकड़ की मेहनत को खुद ही किया आग के हवाले

प्याज की कीमतों में भारी गिरावट से परेशान धाराशिव के किसान ने अपनी पूरी फसल जलाई लागत और मजदूरी तक न निकलने के कारण हताश किसान ने उठाया यह आत्मघाती कदम सरकार से 40 रुपये प्रति किलो न्यूनतम भाव और फसल नुकसान के मुआवजे की मांग

Maharashtra news: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से किसानों की बदहाली की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर किसी का भी दिल पसीज जाए। यहाँ प्याज के गिरते दामों से टूट चुके एक किसान ने अपनी खून-पसीने की मेहनत से तैयार की गई पूरी फसल को खुद ही आग के हवाले कर दिया। किसान का कहना है कि बाजार में प्याज का भाव इतना गिर चुका है कि अब लागत निकालना तो दूर, उसे मंडी तक ले जाने का भाड़ा भी जेब से भरना पड़ रहा था।

चार एकड़ की मेहनत खाक में मिली

धाराशिव जिले के भूम तालुका स्थित टिंटराज गांव के रहने वाले किसान भगवान साबले ने करीब 4 एकड़ जमीन पर प्याज की खेती की थी। इसमें से ढाई एकड़ की फसल कटकर पूरी तरह तैयार थी। किसान के मुताबिक बुवाई से लेकर सिंचाई, खाद और मजदूरी तक करीब 3 से 4 लाख रुपये खर्च हो चुके थे। लेकिन जब वह फसल लेकर मंडी पहुँचा, तो वहाँ प्याज का भाव महज 1 रुपये किलो तक गिर गया था।

Maharashtra news: मजदूरी का खर्च भी जेब से भरना पड़ा

भगवान साबले ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि एक गाड़ी प्याज बेचने पर उन्हें सिर्फ 4 हजार रुपये मिले, जबकि मजदूरों और कटाई का खर्च ही इससे कहीं ज्यादा था। रही-सही कसर मौसम ने पूरी कर दी; बारिश के डर से फसल को बार-बार ढंकना और खोलना पड़ रहा था, जिससे मेहनत और खर्च बढ़ता ही जा रहा था। इसी हताशा में किसान ने अपनी 500 से 600 बोरी प्याज के ढेर में आग लगा दी।

सरकार से मुआवजे की गुहार

Maharashtra news: नुकसान से टूटे इस किसान ने सरकार से मांग की है कि प्याज का न्यूनतम समर्थन मूल्य कम से कम 40 रुपये प्रति किलो तय किया जाए। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जली हुई फसल का पंचनामा कर उन्हें 20 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मुआवजा दिया जाए ताकि वे अपने कर्ज और परिवार का बोझ उठा सकें। इस घटना ने एक बार फिर खेती को फायदे का सौदा बनाने के सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार, 2027 की तैयारियों के बीच योगी कैबिनेट में नए चेहरों की एंट्री

Related Articles

Back to top button