Mp news: महाकाल मंदिर के पास होटल में नॉनवेज का आरोप, सीसीटीवी वीडियो वायरल
महाकाल मंदिर के पास होटल का कथित सीसीटीवी वीडियो वायरल नॉनवेज के आरोपों पर बढ़ा विवाद, संतों ने जताया विरोध 4 पूर्व कर्मचारियों पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

Mp news: उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के पास मध्य प्रदेश टूरिज्म द्वारा संचालित एक होटल विवादों में आ गया है। सोशल मीडिया पर होटल के किचन का एक कथित सीसीटीवी वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में किचन के अंदर मांस जैसे टुकड़े दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। साथ ही स्टाफ की बातचीत में “मुर्गा-मछली वाले हाथ धो लेना” जैसी बात भी सुनाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद होटल प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए हैं। हिंदूवादी संगठनों और साधु-संतों ने इसका विरोध जताते हुए कहा कि महाकाल मंदिर के पास इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकती हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
4 पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज
विवाद बढ़ने के बाद होटल प्रबंधन ने थाना महाकाल में शिकायत दर्ज करवाई है। होटल मैनेजर सतीश पाठक ने आरोप लगाया कि होटल के 4 पूर्व कर्मचारियों ने साजिश के तहत सीसीटीवी फुटेज चुराकर उसे एडिट किया और वायरल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 336(3) और 336(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
होटल प्रबंधन ने आरोपों को बताया गलत
होटल प्रबंधक सतीश पाठक का कहना है कि वीडियो में जो डिश दिखाई दे रही है वह नॉनवेज नहीं, बल्कि दही और ब्रेड से बनी पूरी तरह शाकाहारी डिश है। उनका दावा है कि पूर्व कर्मचारियों ने तीन साल के एग्रीमेंट और ट्रेनिंग के बावजूद तीन महीने में नौकरी छोड़ दी थी। नोटिस मिलने के बाद बदले की भावना से उन्होंने यह साजिश रची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।



