मप्र विधानसभा उपचुनाव : सांसद ने मांगें मंत्री के लिए वोट

गुना। क्षेत्रीय सांसद डॉ. केपी यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है जबकि 15 माह की कांग्रेस सरकार ने किसान, युवा, गरीब, मजदूरों के साथ धोखा किया है। यह विकास निरंतर चलता रहे, इसलिए उपचुनाव में बमौरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी महेन्द्र सिंह सिसौदिया को विजयी बनाएं। श्री यादव भाजपा उम्मीद्वार के पक्ष में बमौरी के म्याना मंडल के ग्रामों में जनसंपर्क कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने टकनेरा, सेंधुआ, शाहपुरा आदि गांवों में जनसंपर्क किया। इस अवसर पर ग्रामीणजनों ने सांसद यादव का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉक्टर केपी यादव ने कहा कि भाजपा की जब भी सरकार आई है। देश में विकास और खुशहाली लाई है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से प्रत्येक गरीब को पक्की छत दे रहे हैं। आगामी 2022 तक प्रत्येक घर में नल के माध्यम से पीने के जल की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।

उन्होंने इस दौरान यह भी कहा कि जन्म से लेकर मृत्यु तक कई जनहितकारी योजनाए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा चलाई जा रही हैं परंतु 15 महीने की भ्रष्ट कांग्रेस सरकार ने उन सभी जनहितकारी योजनाओं को बंद कर गरीब मजदूर वर्ग को परेशान कर दिया था। जब से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बने हैं पुन: जनहितकारी योजनाओं को शुुरु कर दिया है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी म्याना मंडल के अध्यक्ष हरीराम रघुवंशी के साथ वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता व अन्य ग्रामीण जन उपस्थित थे। इस दौरान ग्राम टकनेरा में कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह यादव द्वारा सांसद डॉक्टर यादव के समक्ष सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Related Articles

Back to top button