सोमवार सुबह एक बार फिर सभी स्टेशनो पर मेट्रो सेवाएं शुरू

रात भर के निषेध के बाद सोमवार सुबह दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन एक बार फिर चालू कर दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। रविवार को दिल्ली में चल रहे हिंसक प्रदर्शनों के चलते मेट्रो के तकरीबन दर्जन भर स्टेशन बंद कर दिए गए थे। इन स्टेशनो पर प्रवेश और निकास दोनों बंद कर दिए गए थे।

CAA के खिलाफ रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर दिन भर प्रदर्शन चलता रहा। इस बीच कुछ शरारती तत्वों ने माहौल गर्म कर दिया था, जिसके बाद प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। इसके बाद जन-सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने अपने कई रूट के दर्जन भर स्टेशन बंद कर दिए थे। यहाँ से प्रवेश-निकास बंद कर दिया गया था। इसके साथ ही इन स्टेशनो पर मेट्रो रुक तक नहीं रही थी। इनमे विश्वविद्यालय, जीटीबी नगर, मुनिरका, पटेल चौक, आईटीओ, जामिया मिलिया इस्लामिया, सुखदेव विहार, ओखला विहार, जसोला विहार, शाहीन बाग़, आर के पुरम, शिवजी स्टेडियम, आईआईटी, दिल्ली गेट, प्रगति मैदान और मॉडल टाउन जैसे स्टेशन शामिल थे।

सोमवार सुबह इन सभी स्टेशनो को एक बार फिर चालू कर दिया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार रात भी दिल्ली मेट्रो ने जामिया मिलिया इस्लामिया और जनपथ मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया था। वहीँ, शुक्रवार को जनपथ और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन आम लोगों के लिए बंद रहा। बता दें कि दिल्ली में ये प्रदर्शन CAA बिल के खिलाफ किए जा रहे हैं। वहीँ हालत की गंभीरता को देखते हुए जामिया यूनिवर्सिटी के आसपास के इलाकों में सोमवार को सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button