Video: गरबा प्रैक्टिस कर रही युवती का सरेआम अपहरण, घसीटते हुए वैन में डाला और फरार! घटना CCTV में कैद!

मंदसौर: गरबा की प्रैक्टिस कर रही एक महिला का कुछ लोगों ने फिल्मी अंदाज़ में अपहरण कर लिया। आरोपियों ने महिला को पंडाल से घसीटते हुए बाहर निकाला और वैन में डालकर ले गए। इस दौरान बचाने की कोशिश कर रही एक युवती से मारपीट भी की गई। पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया और 7 आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गरबा प्रैक्टिस के दौरान वारदात
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे खानपुरा के भावसार धर्मशाला में हुई। वहां महिलाएं और युवतियां गरबा की प्रैक्टिस कर रही थीं। तभी 4 युवक और 2 महिलाएं पहुंचे और अचानक एक महिला को पकड़कर घसीटने लगे। पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। ज्यादातर लोग डरकर भाग गए, लेकिन एक युवती ने महिला को बचाने की कोशिश की। आरोपियों ने उसे धक्का देकर मारपीट की।
https://twitter.com/INCMP/status/1969729210139701529
कट्टे के दम पर महिला का अपहरण
आरोपियों में से एक युवक के हाथ में कट्टा था। डर की वजह से कोई आगे नहीं बढ़ा। महिला को जबरन पंडाल से घसीटकर बाहर ले जाया गया और वैन में डालकर ले जाने लगे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाई गई।
लिव-इन रिलेशन की वजह से विवाद
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि पीड़िता गरोठ थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने अपने पति को छोड़ दिया था क्योंकि वह शराब पीकर मारपीट करता था। पिछले 3 महीने से वह मंदसौर में यश नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। इसी बात से नाराज़ होकर महिला के परिजन गरबा पंडाल पहुंचे और उसका अपहरण कर लिया।
पुलिस की तत्परता, नाकाबंदी में मिली सफलता
सूचना मिलते ही एसपी विनोद कुमार मीणा ने पूरे जिले में नाकाबंदी करा दी। शामगढ़ थाना क्षेत्र की चंदवासा चौकी पुलिस ने संदिग्ध वैन को रोका। तलाशी में पीड़िता को बरामद कर लिया गया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल भी जब्त की है।
7 आरोपी गिरफ्तार
फिलहाल पुलिस ने दो महिलाओं सहित 7 आरोपियों को हिरासत में लिया है। सभी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, पीड़िता ने साफ कहा कि वह अब अपने पति के पास नहीं लौटना चाहती और यश के साथ ही रहना चाहती है।



