Mamta Banerjee: ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान हार के बाद भी इस्तीफा देने से इनकार
ममता बनर्जी का बड़ा बयान हार के बाद भी इस्तीफा देने से इनकार बीजेपी और चुनाव आयोग पर लगाया धांधली और साजिश का आरोप विपक्षी गठबंधन के साथ मिलकर अब आजाद पंछी की तरह करेंगी काम

Mamta Banerjee: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने सबको चौंका दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन हार के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कड़े तेवर दिखाए हैं। ममता बनर्जी ने साफ कह दिया है कि वह राजभवन जाकर इस्तीफा नहीं देंगी और कोई उनसे जबरदस्ती इस्तीफा नहीं ले सकता। उन्होंने अपनी हार को एक बड़ी साजिश करार देते हुए कहा कि भवानीपुर में उन्हें जानबूझकर हराया गया है। ममता बनर्जी का सीधा आरोप है कि बीजेपी ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने करीब 100 सीटों की लूट की है और हर तरह के गलत हथकंडे अपनाकर यह जीत हासिल की है। ममता के मुताबिक, उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में ऐसा चुनाव पहले कभी नहीं देखा।
विपक्ष की एकजुटता पर क्या बोलीं ममता
अपनी हार के बावजूद ममता बनर्जी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि विपक्षी गठबंधन उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन जैसे बड़े नेताओं ने उन्हें फोन कर अपना समर्थन दिया है। ममता ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी साथियों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वे पूरी तरह उनके साथ हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अखिलेश यादव कल उनसे मिलने आ रहे हैं और आने वाले दिनों में गठबंधन के अन्य नेता भी एक-एक करके कोलकाता आएंगे। ममता बनर्जी का मानना है कि इस हार के बाद विपक्ष की एकजुटता और ज्यादा मजबूत होगी।
Mamta Banerjee: अब मैं एक आजाद पंछी हूं
मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर ममता बनर्जी ने कहा कि अब वह खुद को एक आजाद पंछी महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अब वह इंडिया गठबंधन को एक आम आदमी की तरह मजबूत करने का काम करेंगी। ममता ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी लोगों की सेवा में लगा दी और इन 15 सालों के दौरान कभी पेंशन या तनख्वाह का एक पैसा भी नहीं लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब उनके पास कोई कुर्सी नहीं है, इसलिए कोई उन पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप नहीं लगा पाएगा।
चुनाव आयोग और बीजेपी पर गंभीर आरोप
Mamta Banerjee: प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सीईसी को इस चुनाव का खलनायक बताते हुए कहा कि यह चुनाव नहीं बल्कि संवैधानिक अधिकारों और ईवीएम की लूट थी। उन्होंने सवाल उठाया कि वोटिंग खत्म होने के बाद भी ईवीएम में 80 से 90 प्रतिशत चार्ज कैसे रह सकता है। ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले उनके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, अधिकारियों के तबादले किए गए और बीजेपी ने सीधे चुनाव आयोग के साथ मिलकर फिक्सिंग की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने सीधे तौर पर दखल दिया और लाखों मतदाताओं के नाम लिस्ट से हटा दिए गए। ममता बनर्जी ने मतगणना केंद्र के अंदर अपने साथ मारपीट और धक्का-मुक्की होने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह भी पढ़ें: बंगाल में सत्ता परिवर्तन भाजपा की ऐतिहासिक जीत और ममता के 15 साल के सफर का अंत



