Maithili Thakur Net Worth: गायकी से मिली पहचान, अब राजनीति में आज़माएंगी किस्मत — 2 करोड़ की संपत्ति की मालिक मैथिली ठाकुर अलीनगर सीट से मैदान में
लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने राजनीति में एंट्री कर ली है। 2 करोड़ की संपत्ति की मालिक मैथिली अब अलीनगर सीट से बीजेपी प्रत्याशी हैं। संगीत, सोशल मीडिया और ब्रांड एंडोर्समेंट से करती हैं कमाई।

दरभंगा: भोजपुरी और मिथिला लोकगायिका मैथिली ठाकुर अब राजनीति की दुनिया में कदम रख चुकी हैं। बीजेपी ने उन्हें दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। वे इस चुनाव की सबसे कम उम्र की प्रत्याशी हैं और अपनी मधुर आवाज के साथ अब जनता के दिलों में राजनीतिक पहचान बनाना चाहती हैं।
हलफनामे में 2 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा
नामांकन के समय दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार, मैथिली ठाकुर के पास 2,32,33,255 रुपये की चल संपत्ति है। उनके पास 1.80 लाख रुपये नकद, करीब दो करोड़ रुपये के वाहन और कीमती जेवर–जवाहरात हैं। इसके अलावा, उन्होंने 47 लाख रुपये की अर्जित संपत्ति भी दिखाई है, जिसका बाजार मूल्य लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताया गया है।
कमाई के कई जरिये
मैथिली ठाकुर की आय सिर्फ गायकी तक सीमित नहीं है। उनके आय स्रोतों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, ब्रांड एंडोर्समेंट और लाइव म्यूजिक शो भी शामिल हैं। हलफनामे के मुताबिक, वे नियमित रूप से आयकर रिटर्न दाखिल करती हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में उनकी कुल आय 28.67 लाख रुपये रही, जबकि 2022-23 में यह 16.98 लाख रुपये थी। पिछले कुछ वर्षों में उनकी आय लगातार बढ़ी है, जिससे उनके करियर की स्थिरता और लोकप्रियता का पता चलता है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और शिक्षा
25 वर्षीय मैथिली ठाकुर का जन्म 25 जुलाई 2000 को बिहार के मधुबनी जिले के उरेन गांव में हुआ। उनके पिता रमेश ठाकुर एक संगीत शिक्षक हैं, जिन्होंने बचपन से ही उन्हें संगीत सिखाया। मां पूजा ठाकुर गृहिणी हैं और उनके दो भाई ऋषभ और अयाची ठाकुर भी संगीत में सक्रिय हैं। परिवार ने आर्थिक संघर्षों के बावजूद दिल्ली जाकर मैथिली की प्रतिभा को मंच तक पहुंचाया। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के भारती कॉलेज से बी.ए. प्रोग्राम की डिग्री हासिल की है।
ये भी पढ़ें: “जिसने तलवार के बल पर सलवार पहनी..” – सांसद ‘इकरा हसन’ पर हिंदूवादी नेता के बयान से उबाल, वीडियो वायरल..
संगीत से मिली पहचान, अब राजनीति में नई पारी
मैथिली ठाकुर ने अपने मधुर सुरों और लोकगीतों से न सिर्फ बिहार बल्कि देशभर में नाम कमाया है। सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और वे मिथिला संस्कृति की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी हैं। अब बीजेपी ने उन पर भरोसा जताते हुए अलीनगर से टिकट दिया है।
नामांकन दाखिल करने के बाद मैथिली ने कहा, “अलीनगर को आदर्श नगर बनाना मेरा संकल्प है। जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”
अलीनगर सीट पर कड़ा मुकाबला
अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से कुल 13 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इनमें राजद के विनोद मिश्रा, जन सुराज के विप्लव चौधरी, और आप के रजीपाल झा शामिल हैं। मैथिली ठाकुर के मैदान में उतरने से यह सीट सुर्खियों में आ गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या उनकी गायकी जैसी लोकप्रियता राजनीति में भी असर दिखा पाती है।



