Video: लखनऊ के VIP क्लब में गोलीबारी और बवाल! मैनेजर पर फायरिंग.. SHO नपे, घटना का वीडियो वायरल

लखनऊ, 31 अगस्त 2025 – राजधानी लखनऊ की समिट बिल्डिंग में 30 अगस्त की आधी रात बार और क्लबों में जमकर बवाल हुआ। दो घंटे में दो अलग-अलग घटनाओं में मारपीट, गोलीबारी और पिस्टल से हमला हुआ। इस लापरवाही पर विभूति खंड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह और समिट चौकी इंचार्ज सूर्यसेन कुमार सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
दो घंटे में दो जगह बवाल, पुलिस पर सवाल
समिट बिल्डिंग में 30 अगस्त की रात महज दो घंटे के भीतर दो घटनाएं हुईं। पहली घटना टिकल पिंक क्लब में हुई, जहां मारपीट और गोलीबारी हुई। दूसरी घटना द हाइप रूम बार के मैनेजर पर हमला था। दोनों ही मामलों में पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं कर सकी।
टिकल पिंक क्लब: विरोध करने पर चली गोली
रौनक सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे 30 अगस्त की रात करीब 1.30 बजे दोस्तों के साथ टिकल पिंक क्लब गए थे। वहां मौजूद शिव और कैफ शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। बाहर निकलते वक्त बदमाशों ने जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी और धमकी देकर भाग निकले। यह पूरी वारदात क्लब के CCTV में कैद है।
लखनऊ की समिट बिल्डिंग, जो मारपीट, नशेबाज़ी और अश्लील गतिविधियों के लिए कुख्यात रही है, एक बार फिर सुर्खियों में है।
30 अगस्त की रात बिल्डिंग स्थित टिंकल पिंक क्लब और द हाइप रूम बार में उपद्रवियों ने जमकर बवाल काटा। कुर्सियाँ फेंकी गईं, मारपीट हुई, यहाँ तक कि बार मैनेजर पर पिस्टल… pic.twitter.com/u4alCFh4R1
— UP Congress (@INCUttarPradesh) September 2, 2025
द हाइप रूम: बार मैनेजर पर पिस्टल से हमला
दूसरे मामले में द हाइप रूम बार के PR मैनेजर मोहम्मद हम्जा खान ने आरोप लगाया कि 30 अगस्त की आधी रात अजीत पांडेय, प्रथम शर्मा, सौरभ शुक्ला और राज ने उन पर हमला किया। बाहर निकलते वक्त गाड़ी रोककर पिस्टल से शीशा तोड़ा, बट से सिर पर वार कर दिया जिससे वे लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। हमलावर उन्हें मरा समझकर भाग गए।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
दोनों मामलों के पीड़ितों का कहना है कि गोली चलने और जानलेवा हमले जैसी घटनाओं को पुलिस ने हल्के में लिया। समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, जिससे हमलावरों के हौसले बढ़े।
SHO और चौकी इंचार्ज सस्पेंड
पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सिंगर ने जांच के बाद SHO विभूति खंड सुनील सिंह और समिट चौकी इंचार्ज सूर्यसेन सिंह को सस्पेंड कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। विभूति खंड थाने की कमान अब हसनगंज इंस्पेक्टर अमर सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस कमिश्नर की सख्त चेतावनी
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि थानों और चौकियों पर बैठे अधिकारियों की पहली जिम्मेदारी अपराध पर सख्ती से नियंत्रण करना है। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



