बड़ी खबर: लखनऊ में BJP और पुलिस में बवाल, महिला नेता हुई बेहोश, भड़के भाजपाइयों ने दे डाली चेतावनी!

लखनऊ। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस से उनकी झड़प हो गई, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश हुई और एक महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गई।

कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का ऐलान

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने की घोषणा की थी। दोपहर करीब 1.15 बजे वीवीआईपी गेस्ट हाउस के पास 150 कार्यकर्ता जुटे और 1.30 बजे कूच किया। पुलिस ने पहले ही कांग्रेस दफ्तर से 100 मीटर पहले बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की तैयारी कर रखी थी। जैसे ही भाजपाई पहुंचे, पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

नारेबाजी और झड़प, महिला कार्यकर्ता बेहोश

प्रदर्शनकारियों ने “राहुल गांधी माफी मांगो” और “इंडी गठबंधन मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की हुई, जिसके दौरान एक महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गई। करीब 40 मिनट तक माहौल तनावपूर्ण रहा। आखिरकार पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को काबू में किया।

बीजेपी नेताओं के तीखे बयान

भाजयुमो महामंत्री अमित त्रिपाठी ने कहा—
“भाजपा को किसी से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना स्वार्थ के देश का विकास किया है। कांग्रेस जिस भाषा में जवाब चाहेगी, उसी भाषा में जवाब मिलेगा।”

वहीं, भाजपा कार्यकर्ता सचिन सोनकर ने कहा—
“प्रधानमंत्री की स्वर्गवासी माता को गाली दी गई। ऐसे लोगों को महिलाओं का सम्मान करना नहीं आता। कांग्रेस पार्टी को प्रधानमंत्री के पैर पड़कर माफी मांगनी चाहिए।”

बिहार के दरभंगा से शुरू हुआ विवाद

यह विवाद दरअसल 22 अगस्त, गुरुवार को बिहार के दरभंगा से शुरू हुआ। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री मोदी को गाली दी गई थी। भाजपा नेताओं ने पटना के गांधी मैदान थाने में राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

अगले ही दिन दरभंगा पुलिस ने रिजवी उर्फ राजा नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भपुरा गांव का रहने वाला और पिकअप ड्राइवर है।

पटना में भी भिड़े BJP और कांग्रेस कार्यकर्ता

इस विवाद का असर शुक्रवार को पटना में भी दिखा। वहां भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। दोनों तरफ से नारेबाजी हुई और देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई। लाठी-डंडे चले, ईंट-पत्थर फेंके गए और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। कांग्रेस दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

Back to top button