कोलकाता : भाजपा पार्षद हत्या मामले में दो गिरफ्तार

कोलकाता। राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर क्षेत्र में भाजपा पार्षद मनीष शुक्ला हत्या मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों की पहचान मोहम्मद खुर्रम और गुलाब शेख के रूप में की गई है। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। पुलिस ने दावा किया है कि खुर्रम ने पुरानी दुश्मनी के चलते मनीष को मारने की साजिश रची। गौर हो कि रविवार रा गोली मारकर मनीष की हत्या की गई थी। मामला सोमवार को सीआईडी ​​को सौंप दिया गया था। पुलिस ने दावा किया कि बैरकपुर क्षेत्र में मनीष और खुर्रम के बीच पुरानी व्यक्तिगत दुश्मनी के बारे में कई लोग जानते थे। खुर्रम के पिता सीपीएम में थे। उन्हें भी मार दिया गया था। उस घटना में मनीष का नाम शामिल था। पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि पेशे से व्यापारी खुर्रम, मनीष को मारने की योजना बना रहा था। आरोप है कि खुर्रम ने पेशेवर शूटर गुलाब शेख की मदद ली। गौर हो कि सोमवार को राज्य पुलिस ने ट्वीट कर यह संकेत दिया था कि मनीष की हत्या पुरानी दुश्मनी के कारण हुई थी। हालांकि भाजपा ने इसे राजनीतिक हत्या बता कर मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

Related Articles

Back to top button