Kanpur Fight Video: पुलिस चौकी के सामने भिड़े दो पक्ष, SI से भी की हाथापाई

पुलिस चौकी के सामने खुलेआम गुंडागर्दी SI से हाथापाई, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप 2 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में स्थित नवशीलधाम पुलिस चौकी के सामने बीते गुरुवार दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष लड़ते-लड़ते पुलिस चौकी के अंदर तक घुस गए। मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो युवकों ने उनके साथ भी हाथापाई शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख SI ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस फोर्स के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए।

 

7 नामजद और 4 अज्ञात पर मुकदमा, 2 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने शनिवार को मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए 7 नामजद और 4 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दंगा, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस पर हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में आदित्य पटेल और प्रिंस पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

 

वीडियो में दिखी सड़क पर अफरा-तफरी

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस चौकी के सामने सड़क किनारे करीब 12 से 15 लोग आपस में भिड़े हुए हैं। कोई धक्का-मुक्की कर रहा है, कोई हाथ मरोड़ रहा है, तो कोई युवक दूसरे को घसीटता नजर आ रहा है। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

 

वीडियो बनाते दिखे लोग, ‘आवारा लड़के’ कहकर पुकारा

झगड़े के दौरान मौके पर मौजूद लोग वीडियो बनाते नजर आए। वीडियो में कुछ लोग आरोपियों को ‘आवारा लड़के’ बताते हुए आवारागर्दी करने की बात कह रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button