दिल्ली मेट्रो से 20 लाख का बैग चोरी, 18 साल की बीएससी छात्रा गिरफ्तार

कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन से गहनों से भरा बैग हुआ था चोरी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नोएडा सेक्टर-52 से हुई गिरफ्तारी 20 लाख के गहने बरामद, आरोपी छात्रा का नहीं है आपराधिक रिकॉर्ड

New Delhi metro news: नई दिल्ली मेट्रो में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। गहनों और कीमती सामान से भरा करीब 20 लाख रुपये मूल्य का बैग चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 18 साल की बीएससी फर्स्ट ईयर की छात्रा को गिरफ्तार किया है।

 

कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन से हुआ था बैग चोरी

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 22 जनवरी का है, जब कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन से एक यात्री का बैग चोरी हो गया। पीड़ित ने तुरंत कश्मीरी गेट मेट्रो पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

 

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

जांच के दौरान पुलिस ने मेट्रो स्टेशन और ट्रेनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के कैमरों में एक युवती चोरी किया गया बैग लेकर मिलेनियम सिटी सेंटर की ओर जाने वाली मेट्रो में चढ़ते हुए दिखाई दी। युवती ने गुलाबी जैकेट और काली पैंट पहन रखी थी।

 

नोएडा सेक्टर-52 से हुई गिरफ्तारी

सीसीटीवी ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को पता चला कि युवती नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 से बाहर निकली थी। इसके बाद पुलिस ने युवती की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में क्या बोली छात्रा

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह चांदनी चौक बाजार में शॉपिंग के लिए गई थी। मेट्रो स्टेशन पर सामान की स्कैनिंग के दौरान उसने कथित तौर पर शिकायतकर्ता का बैग उठा लिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवती की दलील संतोषजनक नहीं है।

 

कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं

पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्रा का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। फिलहाल मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

बैग बरामद, शिकायतकर्ता को राहत

पुलिस ने चोरी किया गया बैग बरामद कर लिया है। बैग में मौजूद सोने के गहने और अन्य सभी कीमती सामान सुरक्षित मिले, जिससे शिकायतकर्ता ने राहत की सांस ली है।

Related Articles

Back to top button