हैदराबाद और उन्नाव के बाद अब त्रिपुरा में हैवानियत, नाबालिग को दुष्कर्म के बाद ज़िंदा जलाया

हैदराबाद गैंगरेप मामले और उन्नाव रेप पीड़िता के बाद अब त्रिपुरा में एक नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप कर ज़िंदा जलाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय पीड़िता को कई दिनों तक अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने शनिवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पीड़िता का प्रेमी है। किशोरी की मौत से अस्पताल के बाहर जमा हुए लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मुख्य आरोपी और उसके परिवार के कुछ सदस्यों को पकड़ लिया और पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही उनकी पिटाई कर दी।

मामला त्रिपुरा के अगरतला का है। मामले को लेकर पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी अजय रुद्रपॉल ने दो महीने पहले लड़की से शादी करने का वादा किया और उसे दक्षिण त्रिपुरा के संतिर बाजार इलाके में अपने घर ले गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि अजय और उसके परिवार के सदस्यों ने पिछले दो महीनों में लड़की को प्रताड़ित किया और उन्होंने उसे शुक्रवार शाम को आग लगा दी। अजय पर पिछले दो महीनों में उसके साथ बलात्कार करने का भी आरोप लगाया गया था।

गौरतलब है कि पीड़िता का अगरतला के ही जीबीपी अस्पताल में इलाज चल रहा था। पीड़िता को ज़िंदा जलाया गया था, जिसके बाद शनिवार सुबह उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस की माने तो कुछ पड़ोसियों ने पीड़िता को बचा कर अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि लड़की को 90% जलने की चोटों के साथ भर्ती किया गया था। शनिवार को भोर होने से पहले ही उसका निधन हो गया। गुस्साई भीड़ ने अस्पताल के बाहर आरोपी की खूब पिटाई की जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Articles

Back to top button