CM मना रहे थे आजादी का जश्न, स्कूल जा रहे बच्चे को कुचल गया कोई.. VVIP मूवमेंट के लिए ट्रैफिक था ‘वन वे’ ?

आज जब पूरा देश आज़ादी का 79वां पर्व मना रहा था, जोधपुर की रेज़िडेंसी रोड पर एक ऐसा मंजर सामने आया जिसने जश्न के बीच मातम का सन्नाटा बिछा दिया।
राज्य स्तरीय समारोह की मेजबानी कर रहा जोधपुर सुबह से ही तिरंगे के रंग में रंगा था। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य समारोह स्थल पर थे, जहाँ ध्वजारोहण, वायुसेना की पुष्प वर्षा और हजारों लोगों की मौजूदगी में देशभक्ति की गूंज थी। लेकिन ठीक इसी माहौल के बीच, कुछ ही दूरी पर एक स्कूल के छात्र की ज़िंदगी थम गई।

VVIP मूवमेंट और बंद सड़क के बीच हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़, स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के चलते VVIP मूवमेंट के लिए ट्रैफ़िक को वन-वे कर दिया गया था। इसी दौरान, एक अज्ञात वाहन ने स्कूल के छात्र को ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज़ थी कि छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हालाँकि अभी तक इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हर पहलू की जांच की जा रही है।

वीडियो से झलकता हादसे का दर्द

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में एक स्कूली छात्रा सड़क किनारे रोती नज़र आ रही है और पुलिसकर्मियों से मदद मांग रही है। वहीं पास में एक एंबुलेंस खड़ी है, जिसमें मृतक छात्र का शव ले जाया जा रहा है। सड़क पर खून के धब्बे इस हादसे की भयावहता बयान कर रहे हैं।

खुशियों के बीच ग़म की परछाई

जोधपुर का समारोह आज़ादी की उमंग से भरा था, लेकिन रेज़िडेंसी रोड पर हुई इस घटना ने माहौल को झकझोर दिया है। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की तलाश जारी है, और हर संभावना की जांच की जा रही है।
आज का दिन, जो हर साल ख़ुशियों और गर्व के साथ मनाया जाता है, इस बार एक परिवार के लिए हमेशा का दर्द बन गया।

Related Articles

Back to top button