Iran-US Ceasefire: इजरायल ने किया समर्थन, लेकिन रखीं कड़ी शर्तें
Iran-US ceasefire पर Israel का conditional support Hormuz Strait खोलने की शर्त पर सहमति Lebanon ceasefire में शामिल नहीं

Iran-US Ceasefire: ईरान और अमेरिका के बीच हुए अस्थायी युद्धविराम पर अब इजरायल की भी आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आ गई है। इजरायल ने इस फैसले का स्वागत तो किया है, लेकिन इसके साथ अपनी शर्तें भी साफ कर दी हैं।
इजरायल ने रखीं अपनी शर्तें
इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस फैसले का समर्थन करता है, जिसमें ईरान पर दो हफ्ते तक हमले रोकने की बात कही गई है। हालांकि, इजरायल ने साफ किया है कि यह समर्थन कुछ शर्तों के साथ है। इजरायल का कहना है कि ईरान को तुरंत हॉर्मुज जलडमरूमध्य खोलना होगा और अमेरिका, इजरायल समेत क्षेत्र के अन्य देशों पर सभी तरह के हमले बंद करने होंगे। साथ ही यह भी कहा गया कि ईरान भविष्य में परमाणु हथियार, मिसाइल और आतंकवाद के जरिए किसी के लिए खतरा न बने।
अमेरिका ने इजरायल को दी जानकारी
युद्धविराम के ऐलान के बाद अमेरिका ने अपने करीबी सहयोगी इजरायल को इसकी पूरी जानकारी दी। अमेरिकी पक्ष ने भरोसा दिलाया है कि आने वाली वार्ताओं में इन सभी मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अमेरिका और इजरायल के साझा हितों से जुड़े हैं। बताया गया है कि इस दो हफ्ते के सीजफायर में लेबनान को शामिल नहीं किया गया है।
लेबनान को लेकर इजरायल का स्पष्ट रुख
इजरायल ने यह भी साफ कर दिया है कि इस युद्धविराम का दायरा लेबनान तक नहीं फैलेगा। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि कुछ देशों, खासकर पाकिस्तान की ओर से किए गए दावों के उलट, लेबनान इस समझौते का हिस्सा नहीं है। इजरायल ने दोहराया कि वह ट्रंप प्रशासन के इस फैसले के साथ है, लेकिन ईरान को तय शर्तों का पालन करना ही होगा।



