Iran crisis: साइप्रस में ब्रिटेन के सैन्य ठिकाने पर ईरान का हमला
मिडिल ईस्ट में जंग का दायरा बढ़ा, साइप्रस में ब्रिटिश बेस पर मिसाइल हमला अमेरिका-इजरायल की बमबारी में 200+ मौतें, ईरान के सुप्रीम लीडर की भी गई जान पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन, खाड़ी देशों ने बंद किए एयरपोर्ट, दुबई में भारतीय फंसे

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब और बढ़ गया है। ईरान ने पहली बार साइप्रस में मौजूद ब्रिटेन के सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया है। जानकारी के मुताबिक, यहां दो मिसाइलें दागी गईं। हालांकि अभी तक इस हमले में हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि साइप्रस में ब्रिटेन के हजारों सैनिक तैनात हैं। इससे पहले ईरान अपने पड़ोसी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना चुका था, लेकिन ब्रिटेन के ठिकाने पर यह पहला हमला माना जा रहा है। ईरान ने मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी कंपनियों के ऑफिस, कुछ होटलों, इमारतों और एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया है। दावा है कि अब तक वह 10 पड़ोसी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर हमले कर चुका है।
अमेरिका-इजरायल के हमले में 200 से ज्यादा मौतें
दूसरी ओर, अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर है। उनके बाद नए सुप्रीम लीडर के नाम का ऐलान भी कर दिया गया है। इन हमलों में ईरान में 200 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। एक स्कूल पर हुए हमले में 80 से ज्यादा लड़कियों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं ईरान के जवाबी हमलों में भी कई लोगों की मौत और घायल होने की जानकारी है। ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अब्दुलरहीम मूसावी के भी मारे जाने की खबर है।
पाकिस्तान में प्रदर्शन, दुबई में भारतीय फंसे
ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत के बाद पाकिस्तान में शिया समुदाय के लोगों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन किए। कुछ जगहों पर हिंसा और आगजनी की घटनाएं भी हुईं। अमेरिकी दूतावास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षाबलों ने गोलीबारी की, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई। इस बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब और यूएई समेत कई देशों ने सुरक्षा कारणों से अपने एयरपोर्ट बंद कर दिए हैं। दुबई में भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु सहित कई भारतीय नागरिकों के फंसे होने की खबर है।



