Iran crisis: दुबई में मिसाइलों का खौफ: होटल ने मेहमानों को बेसमेंट में पहुंचाया
दुबई में मिसाइल हमलों के डर से होटल ने मेहमानों को बेसमेंट में पहुंचाया। वायरल वीडियो में सैकड़ों लोग पूरी रात पार्किंग एरिया में रुके दिखे। मिडिल ईस्ट तनाव का असर अब खाड़ी देशों में भी साफ नजर आ रहा है।

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में जारी इजरायल-ईरान संघर्ष का असर अब खाड़ी देशों में भी साफ दिखाई दे रहा है। 27 फरवरी से शुरू हुए इस टकराव के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। अमेरिका के समर्थन से इजरायल जहां ईरान पर हमले कर रहा है, वहीं ईरान भी जवाबी कार्रवाई में इजरायल और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है। इसी बीच दुबई से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक होटल अपने मेहमानों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें पार्किंग के बेसमेंट में ले जाता नजर आ रहा है।
‘फाइव पाम जुमेराह’ होटल में एहतियात
FIVE Palm Jumeirah, दुबई के मशहूर होटल ‘फाइव पाम जुमेराह’ में ठहरे मेहमानों को अचानक बेसमेंट पार्किंग में ले जाया गया। होटल स्टाफ ने एहतियातन यह कदम उठाया ताकि किसी भी संभावित हमले की स्थिति में सभी सुरक्षित रह सकें।बताया जा रहा है कि यह निकासी स्वैच्छिक थी, लेकिन हालात को देखते हुए ज्यादातर मेहमान नीचे जाना ही बेहतर समझ रहे थे।
कंटेंट क्रिएटर ने शेयर किया अनुभव
कंटेंट क्रिएटर मिया प्लेनर ने इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने बताया कि यह उनके जीवन का सबसे अजीब और डरावना अनुभव था। मिया के मुताबिक, हमले के समय वह दिन में एक बोट पर थीं, तभी उन्होंने आसमान में मिसाइलें उड़ती देखीं। उन्होंने कहा कि एक के बाद एक मिसाइलें गिरती देख हालात की गंभीरता का अंदाजा हो गया था। उन्होंने दावा किया कि पास के एक होटल पर भी हमला हुआ था, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
सैकड़ों लोग बेसमेंट में रहे पूरी रात
वीडियो में देखा जा सकता है कि सैकड़ों लोग बेसमेंट में पूल लाउंज मैट्रेस पर लेटे हुए हैं। कई परिवार अपने बच्चों के साथ पूरी रात वहीं रुके रहे। होटल स्टाफ ने पानी और तौलिए उपलब्ध कराए ताकि मेहमानों को थोड़ी राहत मिल सके। मिया के अनुसार, मेहमान रात करीब 12 बजे से सुबह 5 बजे तक बेसमेंट में रहे। हालात सामान्य होने के बाद उन्हें दोबारा अपने कमरों में लौटने की अनुमति दी गई।
हमलों के बाद बढ़ा तनाव
शनिवार को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हवाई हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के मारे जाने का दावा किया गया था। इसके जवाब में ईरान ने प्रतिक्रिया देने की घोषणा की और खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही। पश्चिम एशिया में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और आम लोगों में डर का माहौल साफ देखा जा सकता है।



