नाइजीरिया क्यों पहुंचा हथियारों से लैस भारतीय नौ सेना का ये जहाज़!

भारतीय नौसेना(Indian Navy) का आईएनएस तरकश(INS Tarkash) गुरुवार को भारत और नाइजीरिया(Nigeria) के बीच पिछले 60 सालों के संबंधो का जश्न मनाने पहुँच गया है। विभिन्न हथियारों और सेंसरों से लैस भारतीय नौसेना का यह जहाज़ बीते दिन नाइजीरिया के लागोस(Lagos) शहर पहुंचा। भारतीय नौसेना के कैप्टन सतीश वासुदेव(Capt. Satish Vasudev) इस जहाज की कमान संभाल रहे थे।

भारतीय नौसेना के अनुसार भारत और नाइजीरिया के राजनयिक रिश्तों के 60 साल पूरे होने पर यह पहल की गई है। दोनों देशों के रिश्तों को मजबूती देने संबंधी पहलों के अंतर्गत आईएनएस तरकश को भूमध्य सागर, अफ्रीका और यूरोप में तैनाती कार्यक्रम के अनुसार तीन दिवसीय दौरे पर भेजा गया है। इस दौरे में सबसे पहले जहाज़ लागोस पहुंचा है। लागोस में पड़ाव के दौरान नाइजीरिया सरकार के अधिकारी तथा गणमान्य अतिथि इस जहाज़ पर जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि आईएनएस तरकश 8 सितंबर को एनएनएस यूनिटी के साथ एक समुद्री अभ्यास करेगा। ये दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच रिश्ते मजबूत करने में सहायता करेगा। गौरतलब है कि भारतीय नौसेना का जहाज़ आईएनएस तरकश विभिन्न प्रकार के हथियारों तथा सेंसरों से लैस है। रूस में बना ये जहाज़ नौसेना के प्रमुख जहाज़ों में से एक है। आईएनएस तरकश को साल 2012 के अंत में भारतीय नौसेना का हिस्सा बनाया गया था।

Related Articles

Back to top button