CM Yogi के सामने भड़क गए पूर्व राज्यपाल, बोले – “कल्याण सिंह से मेरे संबंध, रोक नहीं पाऊंगा, सोचना भी मत”

अलीगढ़ में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि को हिंदू गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। लेकिन कार्यक्रम के दौरान अचानक माहौल उस समय बदल गया जब पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र मंच पर नाराज़ हो गए

पर्ची देखकर भड़क उठे कलराज मिश्र

कार्यक्रम के दौरान कलराज मिश्र जब भाषण दे रहे थे, तभी मंच संचालक आत्म प्रकाश मिश्र ने उन्हें एक पर्ची थमाई। पर्ची पढ़ते ही कलराज मिश्र का चेहरा गुस्से से लाल हो गया। उन्होंने पीछे मुड़कर सख़्त लहजे में पूछा – “ये किसने दिया?”। इसके बाद उन्होंने मंच से ही कहा कि, “कल्याण सिंह जी के साथ मेरे संबंध जिस तरह के रहे हैं, मैं अपने को बोलने से रोक नहीं पाऊंगा। मुझे रोकने के लिए मत सोचना।”

उनके इस बयान से कार्यक्रम स्थल पर कुछ क्षणों के लिए सन्नाटा पसर गया, लेकिन उन्होंने अपना भाषण बीच में रोके बिना पूरा किया।

सीएम योगी ने कल्याण सिंह के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत पूर्व सीएम कल्याण सिंह को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि बाबूजी (कल्याण सिंह) ने अपने आदर्शों से सभी को प्रभावित किया है। योगी ने याद दिलाया कि जब कल्याण सिंह स्वास्थ्य मंत्री थे, तब उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को नया स्वरूप देकर दिखाया कि प्रशासन कैसे लोगों के जीवन में सुधार ला सकता है।

राम जन्मभूमि आंदोलन का ज़िक्र

सीएम योगी ने आगे कहा कि कल्याण सिंह ने हमेशा अपने आदर्शों को प्राथमिकता दी। उन्होंने याद दिलाया कि बाबूजी ने खुले मंच से कहा था कि “ढांचा गिराने की जिम्मेदारी मैं ले रहा हूं।” उन्होंने राम भक्तों की रक्षा की और राम जन्मभूमि के लिए अपनी सरकार का त्याग भी किया। योगी ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने साजिश के तहत कल्याण सिंह की सरकार गिराई थी।

विपक्ष पर सीएम योगी का हमला

अपने संबोधन में सीएम योगी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले जब विपक्ष की सरकारें होती थीं, तब त्योहारों पर दंगों का माहौल बन जाता था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब तुष्टीकरण नहीं बल्कि संतुष्टीकरण की राजनीति हो रही है।

योगी ने कहा कि भाजपा ने जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर आतंकवाद की जड़ें कमजोर की गईं। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त हुआ है।

चुनाव आयोग को दी जा रही धमकियों पर भी टिप्पणी

सीएम योगी ने अपने भाषण के अंत में हालिया घटनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि अब तो चुनाव आयोग को भी धमकी दी जा रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाए।

Related Articles

Back to top button