यमुना के जल को पावन बनाने के लिये हेमा करेंगी योगी से बात

मथुरा,  उत्तर प्रदेश के मथुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद हेमामालिनी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कर वृन्दावन कुंभ के अगले दो शाही स्नानों पर यमुना के जल को निर्मल बनवाने का प्रयास करेंगी।


हेमा ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि योगी सरकार ने वृन्दावन कुंभ के लिए बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की हैं, उन्हें खुशी है कि मुख्यमंत्री से जिस प्रकार कुंभ की व्यवस्थाएं करने का अनुरोध किया गया था उससे कई गुना बेहतर व्यवस्थाएं सरकार ने की हैं।

कुंभ में स्नान और संतों के दर्शन करने के लिए बहुत अधिक संख्या में लोग विभिन्न प्रांतों तक से आ रहे हैं जिसके कारण इस बार का वृन्दावन कुंभ ‘बैठक’’ होने के बावजूद एक प्रकार से मिनी कुंभ बन गया है। वे नही चाहेंगी कि यमुना की निर्मलता में कमी के कारण किसी प्रकार संतों, महन्तों की भावना को ठेस पहुंचे इसलिए ही उन्होंने मुख्यमंत्री से यमुना में अधिक गंगा जल छोड़ने की व्यवस्था के लिए अनुरोध करने का निश्चय किया है।

ये भी पढ़े – बंगालचुनाव में जीत के लिए मालदा में रैली करेंगे योगी आदित्यनाथ 


स्थानीय सांसद ने कहा कि यमुना के जल को शुद्ध और निर्मल बनाने के लिए वे संकल्पित हैं। हाल के मुख्यमंत्री के उस बयान का भी स्वागत किया जिसमें उन्होंने घोषणा की थी कि यदि दिल्ली सरकार अपने क्षेत्र की यमुना को निर्मल कर दे तो उत्तर प्रदेश सरकार अपने क्षेत्र की यमुना को न केवल आचमन लायक बना देगी बल्कि लोग खुशी खुशी यमुना में स्नान भी कर सकेंगे।


एक प्रश्न के उत्तर में भाजपा सांसद ने कहा कि वे दिल्ली के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दिल्ली में यमुना को निर्मल बनाने के लिए कहेंगी क्योंकि जब तक दिल्ली में यमुना निर्मल नही होगी उत्तर प्रदेश में यमुना निर्मल नही हो सकेगी। उन्होने कहा कि यदि दिल्ली सरकार चाहे तो दिल्ली में यमुना को निर्मल कर सकती है।

मथुरा के नाले यमुना में न गिरें इसके लिए नमामि गंगे योजना के अन्तर्गत जो छुटपुट नाले गिर रहे हैं उन्हे भी रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्हें खुशी है कि नगर निगम ने कुंभ क्षेत्र में सफाई की अच्छी व्यवस्था कर रखी है जिसके कारण नित्य हजारों लोगों के कुंभ क्षेत्र में आने के बावजूद सफाई व्यवस्था बेहतर बनी हुई है।उन्हें उम्मीद है कि इस बार का वृन्दावन कुंभ नई इबादत लिखेगा।

Related Articles

Back to top button