लॉक डाउन के बीच किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर, 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे अधिकारी

लॉक डाउन के चलते जहां तमाम विभागों के कर्मचारियों और व्यापारियों से लेकर सभी आम नागरिक अपने घरों में कैद हैं। वहीं, सिर्फ किसान वर्ग ऐसा है जो ग्रामीण क्षेत्रों में अपने कार्य में जुटा जिले में जुटा है। जिससे किसी को भी खाद्य वस्तु की कमी न हो। लेकिन, लॉक डाउन के चलते किसानों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मेरठ में किसानों की इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए मेरठ के जिलाधिकारी अनिल धींगरा ने कलेक्ट्रेट परिसर में किसान नेताओं के साथ बैठक की। डीएम ने किसानों के साथ बैठक करते हुए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। जिस पर 24 घंटे किसानों की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

जिलाधिकारी अनिल धींगरा ने बताया कि बैठक के दौरान किसानों ने अपनी कुछ समस्याओं को सामने रखा था। इस दौरान प्रशासन द्वारा किसानों को आश्वस्त किया गया है कि वह लॉक डाउन के बावजूद खेती में प्रयोग किए जाने वाले अपने उपकरण की मरम्मत बिना किसी रोक-टोक के करा सकते हैं। इस दौरान उन्हें सड़क पर पुलिस द्वारा परेशान नहीं किया जाएगा। इसी के साथ गन्ना पर्ची वितरण में भी किसानों को कोई परेशानी नहीं आएगी। इसके लिए जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया जा रहा है।

साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में दुकानदारों द्वारा की जा रही मनमानी की शिकायत मिलने पर किसानों के कहने पर सभी दुकानों के बाहर रेट लिस्ट लगवाई जा रही है। निर्धारित मूल्य से महंगा सामान बेचने वाले व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी के साथ-साथ किसानों को खाद और बीज बिक्री के संबंध में समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। किसानों को चीनी मिलों तक गन्ना पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए प्रशासन लगातार कोशिश कर रहा है। इसी के साथ किसानों की हर प्रकार की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 01212660600 जारी किया गया है। इस नंबर पर 24 घंटे दो अधिकारी उपलब्ध रहेंगे। जो किसानों की हर समस्या का तत्काल समाधान करने में उनकी मदद करेंगे।

Related Articles

Back to top button