ग्वालियर : पत्नी की हत्या कर पति ने लगाई फांसी

ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में पति पत्नी का शव कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या की थी। महिला के गले पर मारपीट के निशान दिखाई दे रहे हैं। जबकि पति का शव फांसी पर लटका हुआ था। हत्या और आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और फोरेसिंक ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद शवों को विच्छेदन गृह भेज विवेचना प्रारंभ कर दी है।

मूलत: भिंड निवासी जितेन्द्र रजक (35 वर्ष) और उसकी पत्नी मानवी (32 वर्ष) दीनदयाल नगर में लम्बे समय से किराए से रह रहे थे। गुरुवार को जितेन्द्र का शव फांसी पर लटका मिला, जबकि मानवी का शव कमरे में पलंग पर पड़ा हुआ था। बताया गया है कि जितेन्द्र ने देर रात मानवी की पहले गला घोंटकर हत्या की और उसके बाद स्वयं साफी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बीती रात को दोनों पति पत्नी ने रात के समय बच्चों के साथ खाना खाया था और उसके बाद सोने कमरे में चले गए थे। सुबह सात बजे के करीब बड़ी बेटी काजल काल्पनिक नाम कमरे में गई तो माता-पिता के शव देखकर उसकी चीख निकल गई। शवों की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेसिंक विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश भार्गव मौके पर पहुंच गए। मानवी के गले और गाल पर खरोंच के निशान मिले हैं, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि उसने जान बचाने के लिए संघर्ष किया है। जितेन्द्र ने पत्नी की हत्या क्यों की फिलहाल कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पति पत्नी की मौत के कारणों का जांच करके पता लगा रही है।

Related Articles

Back to top button