गोंडल के किसान ने 12 भाषाओं में कृषि संबंधी एप किया लॉन्च

अहमदाबाद। गोंडल के एक किसान ने 12 अलग-अलग भाषाओं में किसानों के लिए एक ऐप लॉन्च किया है। यह किसान अपने कृषि उत्पादन को 123 देशों को निर्यात करते हैं।

गोंडल के किसान रमेशभाई रूपारेलिया राजकोट जिले के कोटड़ा सांगानी तहसील संनधावा गांव के मूल निवासी है और वर्तमान में गोंडल में खेती कार्य कर रहे हैं। रमेशभाई ने 12 अलग-अलग भाषाओं में किसानों के लिए एक ऐप लॉन्च किया है। गौ प्रेमी रमेशभाई ने बताया कि यह एप से जैविक खेती, गाय पालन में समस्या जैसी अन्य कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान और किसानों को प्रशिक्षण देने के बारे में जानकारी ली जा सकेगी। उन्होंने बताया कि हमने आधुनिक तकनीक को एक उपकरण बनाकर डेयरी का काम भी शुरू कर दिया है। आज हमारे पास 150 से अधिक गिर गाय हैं। आधुनिक किसान एक कॉल सेंटर भी चलाते हैं और इन कॉल सेंटरों पर 40 से अधिक लोग अपनी रोजी रोटी चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने उत्पादकों को 123 देश में जैविक उत्पादों की आपूर्ति भी करते है। इसके अलावा किसानों को वे जैविक खेती का प्रशिक्षण भी दे रहे हैं। यह किसानों की मदद के लिये यूट्यूब चैनल भी चलाते हैं।

रमेशभाई ने बताया कि मैंने गाय के गोबर से 14 साल पहले खेती शुरू की थी और अब धीरे-धीरे यह बहुत सफल हो गई। 2010 में हमने 25 एकड़ जमीन में प्याज लगाया, जिससे 3.5 मिलियन प्याज का उत्पादन हुआ। गुजरात सरकार की ओर से कई पुरस्कार भी मिले हैं। उन्हाेंने बताया कि अब डॉक्टर, लेखक, पायलट, वैज्ञानिक जैसे लोग गौपालन प्रशिक्षण के लिए मेरे पास आते हैं और मैं उन्हें सिखाता भी हूं।

उल्लेखनीय है कि रमेशभाई रूपारेलिया केवल 7वीं कक्षा तक ही पढ़े हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थीं। इसलिए रमेश ने कई प्रकार के व्यवसाय किये लेकिन सफलता नहीं मिली। अंत में उन्होंने खेती को अपनी व्यवसाय बनाया। उन्होंने उर्वरक पौधों और गोबर-गोमूत्र के साथ खेती करने का नियम बनाया है।

Related Articles

Back to top button