Gold/silver: होली पर सर्राफा बाजार में “रंगों” की वापसी, चांदी ₹11,500 से ज्यादा उछली

होली पर सर्राफा बाजार में जोरदार वापसी चांदी ₹11,500 से ज्यादा उछली, सोना भी चमका वैश्विक तनाव के बीच निवेशकों का रुख सुरक्षित धातुओं की ओर

Gold/price: रंगों के त्योहार होली पर जहां लोग गुलाल में रंगे नजर आए, वहीं सर्राफा बाजार में भी सोना-चांदी ने जबरदस्त “रंग” दिखाया। पिछले दो दिनों की तेज गिरावट के बाद बुधवार को कीमती धातुओं में जोरदार वापसी हुई। खासकर चांदी की कीमत में 11,000 रुपये से ज्यादा की तेजी ने निवेशकों का ध्यान खींच लिया। Multi Commodity Exchange (MCX) पर मई डिलीवरी वाली चांदी शाम 5:30 बजे तक 11,548 रुपये उछलकर 2,76,966 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

 

एक दिन पहले आई थी बड़ी गिरावट

मंगलवार को चांदी में भारी बिकवाली देखने को मिली थी। उस दिन भाव 13,163 रुपये यानी करीब 4.73% टूटकर 2,65,318 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था। इससे पहले सोमवार को कीमत 2,78,481 रुपये प्रति किलो थी। ऐसे में बुधवार की तेजी को बाजार में राहत भरी रिकवरी के तौर पर देखा जा रहा है।

 

सोने ने भी दिखाई मजबूती

सोने की कीमतों में भी अच्छा उछाल आया। अप्रैल डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर 2,723 रुपये बढ़कर 1,63,821 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह 1,64,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे हाई तक भी गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना काफी उतार-चढ़ाव के बीच रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक स्तर पर कीमतें पहले तेज गिरीं, फिर रिकवरी दर्ज की गई। इसका असर घरेलू बाजार पर भी साफ दिखा।

 

क्यों बढ़ रही है हलचल?

जानकारों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच परमाणु वार्ता में ठहराव से बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे माहौल में निवेशक सुरक्षित विकल्प की तलाश में सोना-चांदी की ओर रुख करते हैं। इसके अलावा डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव और अमेरिका से आने वाले रोजगार आंकड़े भी आने वाले दिनों में कीमती धातुओं की चाल तय कर सकते हैं। कुल मिलाकर, होली के मौके पर सर्राफा बाजार में आई यह तेजी निवेशकों के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button