बड़ी खबर: पूर्व सपा मंत्री पर जेल में कैंची से नहीं हुआ था हमला, असल वजह भी आई सामने, चौंकाने वाला खुलासा!

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर मंगलवार शाम लखनऊ जेल में जानलेवा हमला हुआ। जेल अस्पताल में सफाई ड्यूटी पर लगे एक बंदी ने उन पर लोहे की पटरी से वार कर दिया। इस हमले में प्रजापति के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं और उनके सिर में 5 टांके लगाने पड़े। फिलहाल उन्हें KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जेल अस्पताल में सफाई को लेकर विवाद से हमला
जेल सूत्रों के मुताबिक, गायत्री प्रजापति जेल अस्पताल में भर्ती थे। इसी दौरान सफाई ड्यूटी कर रहे एक बंदी से उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि प्रजापति ने बंदी को गालियां दीं, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया। इस दौरान आरोपी बंदी ने अलमारी की लोहे की पटरी उठाकर प्रजापति पर हमला कर दिया।
सिर और हाथ पर चोट, 5 टांके लगे
जेल अधिकारियों ने बताया कि धक्का-मुक्की के बाद हुए हमले में प्रजापति घायल हो गए। उन्हें पहले जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और सिर में टांके लगे। बाद में हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
पत्नी और बेटी रोते हुए पहुंचीं अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही प्रजापति की विधायक पत्नी महराजी देवी और बेटी ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं। वे रोते हुए डॉक्टरों से अपने पति का हालचाल पूछती रहीं। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और घबराने की कोई बात नहीं है।
सपा ने उठाए सवाल, अखिलेश ने की न्यायिक जांच की मांग
पूर्व मंत्री पर हमले की खबर के बाद सपा ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा – “कहीं भी कोई भी सुरक्षित नहीं है। जेल में पूर्व मंत्री पर हुए हमले की निष्पक्ष न्यायिक जांच होनी चाहिए।”
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने भी X पर लिखा कि जेल प्रशासन को प्रजापति को उचित इलाज उपलब्ध कराना चाहिए।
https://twitter.com/yadavakhilesh/status/1973088323385123196
जेल प्रशासन ने कैंची हमले की खबर को बताया गलत
शुरुआती खबरों में दावा किया गया था कि आरोपी ने कैंची से हमला किया, लेकिन जेल प्रशासन ने इसे गलत बताया। जेल सुपरिटेंडेंट बृजेंद्र सिंह ने कहा – “हमले में लोहे की पटरी का इस्तेमाल हुआ, कैंची की बात अफवाह है।” आरोपी बंदी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस कर रही हमले की जांच
लखनऊ पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि घटना किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं थी और आरोपी बंदी को भड़काने के पीछे किसी और का हाथ है या नहीं।
कौन हैं गायत्री प्रसाद प्रजापति?
गायत्री प्रजापति का जन्म अमेठी के परसाना गांव में हुआ था। शुरुआत में वे पेंटर का काम करते थे, लेकिन राजनीति में आकर बड़ा मुकाम हासिल किया। साल 2012 में वे अमेठी से सपा के टिकट पर विधायक बने और बाद में खनन मंत्री बनाए गए। हालांकि, 2017 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
वर्तमान में उनकी पत्नी महराजी देवी अमेठी से सपा विधायक हैं।



